Delhi : प्राण प्रतिष्ठा के बीच गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, लोगों ने शांति और सांप्रदायिक सौहार्द के बिखेरे रंग
यहां शांति और सौहार्द के रंग बिखेरते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शोभायात्राओं में हिस्सा लेकर भाईचारा बढ़ाया। मुस्तफाबाद के मंदिर में तो पड़ोसी मुस्लिम लोगों के सहयोग से दीये जलाए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बीच उत्तर-पूर्वी जिले में सोमवार को लोगों ने गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल कायम की। यहां शांति और सौहार्द के रंग बिखेरते हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शोभायात्राओं में हिस्सा लेकर भाईचारा बढ़ाया। मुस्तफाबाद के मंदिर में तो पड़ोसी मुस्लिम लोगों के सहयोग से दीये जलाए गए। शोभायात्रा के दौरान लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। सांप्रदायिक सौहार्द की खूबसूरती के यह रंग लगभग पूरी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में देखने को मिला। अतिसंवेदनशील माने जाने वाले इस जिले में वर्ष 2020 में हुए दंगों को भुलाकर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाया। कई जगहों पर लोगों ने शोभायात्राओं पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान राजधानी समेत देशभर में शोभायात्राएं और भंडारों को आयोजन किया गया। सोमवार को राजधानी में करीब दो हजार से ज्यादा जगहों पर मंदिरों व मोहल्लों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सोमवार का दिन खास रहा। कई इलाकों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुस्तफाबाद गली नंबर-5 के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुस्लिम पड़ोसी वहां पहुंचे और अनेकता में एकता की मिसाल कायम की। मंदिर के पंडित जी ने शाम को दिवाली मनाने की बात करते हुए 500 दीये जलाने की बात की तो वहां मौजूद लोगों ने अपने पास से एक हजार दीये जलाने का एलान कर दिया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि अतिसंवेदनशील मिला होने की वजह से यहां भाईचारे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लगातार अमन कमेटियों के अलावा दोनों ओर के प्रभावशाली लोगों की मीटिंग बुलाकर आपस में मेलजोल बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। लोग भी इससे खुश हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सोमवार को ज्योति नगर, दयालपुर, शास्त्री पार्क, सीलमपुर, नंद नगरी समेत जिले के कई एरिया में निकाली जा रही शोभा यात्राओं में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों का कहना था कि वह सभी त्योहार एक साथ मिलकर मनाते हैं। उनके बीच कोई विवाद नहीं है।
तिलक नगर में सिख भाइयों ने किए भंडारे
पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सिख भाई भी सौहार्द कायम करने में पीछे नहीं रहे। यहां जगह-जगह भंडारे लगाकर लड्डू, समोसे, पूरी और सब्जी बांटे गए। तिलक नगर के कई मकानों पर भगवान राम के झंडे भी लगे दिखाई दिए। यहां मुखर्जी पार्क एक्सटेंशन, मुखराम गार्डन समेत कई एरिया में भंडारे किए गए। सुखविंदर सिंह ने बताया कि भगवान राम पूरे विश्व के आदर्श हैं। सबको उनके कदमों पर चलना चाहिए।