Weather In Delhi NCR: आज फिर से भिगोएगी बारिश, तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के आसार, आसमान में छाए बादल
Delhi NCR Rain Forecast: मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली-एनसीआर के आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ-साथ तेज हवा और बारिश होने की संभावना जताई है। आसमान में बदल छाए हुए हैं।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर का मौसम पिछले कुछ दिनों से लगातार अपने तेवर बदल रहा है। यह सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। दोपहर तक धूप खिलने से जहां लोगों को गर्मी का अहसास हुआ, वहीं शाम होते-होते एक बार फिर मौसम बदलता हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ-साथ तेज हवा और बारिश होने की संभावना जताई है।
दिल्ली-एनसीआर के कुछेक इलाकों में बूंदाबांदी हुई है। जबकि अधिकांश इलाकों में बादल छाए हैं। इससे पहले मौसम विभाग ने अप्रैल महीने की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ होने की संभावना जताई थी। बारिश के असर के चलते ऐसा हुआ भी। साथ ही कहा था कि चार अप्रैल तक अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री के बीच बना रहेगा। अमूमन एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होता है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली, एनसीआर (गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी) के कुछ स्थानों और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी होगी। इसके अलावा गुलौटी, सियाना और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की गरज के साथ बारिश हो सकती है।
दिल्ली एनसीआर से सटे इन हिस्सों में भी बारिश के आसार
मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, किठौर, गढ़मुक्तेश्वर, पिलखुआ, हापुड़, गुलावटी, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद, अनूपशहर, बहाजोई, शिकारपुर, देबई में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हो सकती है।
03/04/2023: 16:50 IST; Light intensity rain/drizzle would occur over and adjoining areas of few places of Delhi, NCR ( Ghaziabad, Indirapuram, Chhapraula, Noida, Dadri) . Thunderstorm with light to moderate intensity rain would occur over and adjoining areas of Gulaoti, Siyana,
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) April 3, 2023
गुरुग्राम के कई इलाकों में ओलावृष्टि
गुरुग्राम में सोमवार को दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हुई बरसात से एक बार फिर मौसम को मिजाज बदल गया है। जिले के कस्बे फर्रुखनगर में ओलावृष्टि भी हुई जिससे जौ, सरसों, गेहूं, सब्जी और फूलों की खेती को नुकसान हुआ। साथ ही रास्तों पर पेड़ टूटकर गिर गए, इससे यातायात बाधित हो गया। सोहना और पटौदी में भी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। जिला कृषि विज्ञान केंद्र के मंगलवार और बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क बना रहेगा।