दिल्ली में दिल दहला देने वाला मर्डर: युवक ने नाबालिग लड़की पर चाकू से किए 30 वार, हत्यारा बुलंदशहर से गिरफ्तार
Delhi Girl Murder News: दिल्ली में नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज सीसीटीवी सामने आया है। आरोपी युवक नाबालिग लड़की को कहासुनी होने पर गली में रोकता है। इसके बाद ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर देता है।
विस्तार
दिल्ली में 16 साल की बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 29, 2023
(सोर्स: पुलिस) https://t.co/C35t5IKLR4 pic.twitter.com/GhvqRKzJDx
जानकारी के अनुसार, बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी पुलिस थाना इलाके में यह वारदात हुई। आरोपी युवक की पहचान साहिल पुत्र सरफराज के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी मिली है कि आरोपी साहिल और लड़की के बीच कहासुनी होती है। इसके बाद आरोपी साहिल लड़की को गली में रोक लेता है। कुछ ही सेकंड बाद आरोपी साहिल लड़की पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला करना शुरू कर देता है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी साहिल लड़की को चाकू से लगातार गोद रहा है, गली में लोग उसके पास से आते-जाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी बीच बचाव करने की जहमत नहीं उठाई। आरोपी साहिल ने लगातार 30 से अधिक बार चाकू से वार किए। इसके बाद उसने कई बार पत्थर से मारा। इसके बाद मौके से भाग गया। घायल लड़की को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुखबिर ने बीट स्टाफ को नाबालिग युवती की हत्या की जानकारी दी। साथ ही पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल पर बुलाया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पड़ताल में नाबालिग लड़की की पहचान हो गई है। मृतका ई-36 जेजे कॉलोनी के रहने वाले थी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय लड़की की उसके प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी, आरोपी की पहचान 20 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है। साहिल और मृतक के बीच संबंध थे लेकिन कल उनका झगड़ा हो गया। मृतक अपनी दोस्त के बेटे के जन्मदिन में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे रोका, उस पर चाकू से कई बार वार किया और उसे पत्थर से भी मारा। पीएस शाहबाद डेयरी में आईपीसी की धारा 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आउटर नॉर्थ दिल्ली के एडिशनल डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि लड़का और लड़की एक दूसरे को पहले से जानते थे लेकिन कब से जानते थे यह जांच का विषय है। हमारे पास अभी ज्यादा जानकारी नहीं आई है, हम इसमें जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। चाकू से 20 से ज्यादा वार किए गए हैं।
वहीं, सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर कहा कि दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। एलजी साहब, कानून व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।