दिल्ली: शोरूम के चेंजिंग रूम में 18 साल की शबनम की गला रेतकर हत्या, दोस्ती में आई दरार का खूनी अंजाम
दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक कपड़ों के शोरूम के चेंजिंग रूम से युवती का शव बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस युवती की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। शोरूम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
विस्तार
पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर में एक कपड़े के शोरूम के चेंजिंग रूम में 18 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शनिवार शाम आरोपी शोरूम पहुंचा और युवती को चेंजिंग रूम में ले गया। वहां धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। रात करीब नौ बजे शोरूम बंद करने के दौरान कर्मचारियों को चेंजिंग रूम में युवती का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में युवती की हत्या के पीछे दोस्ती में आई दरार और एकतरफा प्यार का एंगल सामने आया है।
शोरूम में नौकरी करती थी युवती
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है। वह पश्चिमी दिल्ली में परिवार के साथ रहती थी और मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित वस्त्र महल शोरूम में काम करती थी। शनिवार को भी वह रोज की तरह ड्यूटी पर थी। उसकी छुट्टी का समय होने वाला था। इसी दौरान आरोपी शोरूम पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी और शबनम पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनके संबंधों में तनाव चल रहा था।
चेंजिंग रूम में ले जाकर किया हमला
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शबनम को शोरूम के चेंजिंग रूम में ले जाकर धारदार हथियार से उसके गले पर वार किया। हमला इतना गंभीर था कि अधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शोरूम से निकल गया। किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। रात करीब नौ बजे शोरूम बंद करने से पहले कर्मचारी चेंजिंग रूम की तरफ पहुंचे तो वहां शबनम का शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी से आरोपी की तलाश
सूचना मिलते ही मोती नगर थाना पुलिस और जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शोरूम के भीतर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। साथ ही दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से चल रही अनबन, हत्या से पहले हुई बातचीत और वारदात की वजह की पड़ताल की जा रही है। एकतरफा प्यार समेत अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
