दिल्ली में जल की जंग तेज: कल 12 बजे से आतिशी का अनिश्चितकालीन अनशन, पहले जाएंगी राजघाट फिर भोगल में बैठेंगी
सुबह 11 बजे राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। उसके बाद दोपहर 12 बजे से जंगपुरा की भोगल कॉलोनी स्थित सैनी पंचायती चौपाल पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जल मंत्री आतिशी शुक्रवार को हरियाणा से पानी की अतिरिक्त पानी की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठेंगी। आप ने अपील की है कि इंडिया गठबंधन के सभी दलों को अनशन के समर्थन में आगे आना चाहिए। वहीं, भाजपा ने दिल्ली सरकार के इस कदम को गैर जिम्मेदाराना बताया है। भाजपा का आरोप है कि आतिशी का अनशन सिर्फ दिखावा है। दिल्ली सरकार अपनी नाकामियों को छिपा रही है।
आतिशी का अनशन दोपहर 12 बजे से जंगपुरा स्थित भोगल इलाके में होगा। इससे पहले वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट जाएंगी। आतिशी ने बताया कि दिल्लीवालों को अतिरिक्त पानी मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन, हरियाणा ने पानी नहीं दिया है। इस वजह से अब पानी सत्याग्रह शुरू किया जा रहा है।
वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्लीवालों ने भाजपा को सात सीटें दी हैं। इसके बाद भी उन्हें उनके हक का पानी नहीं दे रहे हैं। जल संकट भाजपा की ओर से प्रायोजित है। वह दिल्ली का पेयजल रोक रही है। सवाल यह है कि दिल्ली को उसके हक का 100 एमजीडी पानी जो वर्षों से मिलता आ रहा है, उसे क्यों रोक रहे हैं। इस पानी से दिल्ली के 28 लाख लोगों की पानी की समस्या दूर हो सकती है, लेकिन हरियाणा सरकार यह पानी नहीं दे रही है।
जल बोर्ड मुनाफा कमाने की नहीं, सेवा करने की इकाई : प्रियंका
आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने दावा किया कि जल बोर्ड ने दिल्ली की जनता को अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर देने पर जो पैसे खर्च किए हैं, उसे भाजपा घाटा बता रही है। जल बोर्ड मुनाफा कमाने की नहीं, बल्कि सेवा करने की इकाई है। आठ सालों में दिल्ली सरकार ने 7300 किमी नई पाइप लाइन डालने, 3700 किमी पुरानी पाइप लाइनों को बदलने और नए डब्ल्यूटीपी बनाने समेत कई कार्य किए हैं।
पीएम को पत्र लिख मांगी मदद
इससे पहले आतिशी ने प्रधानमंत्री मोदी को इस विषय पर चिट्ठी भी लिखी और हरियाणा से पानी न मिलने के मुद्दे पर हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। आतिशी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि दिल्ली को हरियाणा से यमुना में 613 एमजीडी पानी मिलता है, लेकिन 18 जून को मात्र 513 एमजीडी पानी ही मिला है। दिल्ली में 100 एमजीडी पानी की कमी से 28 लाख लोग प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ की आबादी वाली दिल्ली को मात्र 1050 एमजीडी, वहीं तीन करोड़ की आबादी वाले हरियाणा को 6500 एमजीडी पानी मिलता है।
आतिशी के मुताबिक, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन पर्याप्त पानी होने के बावजूद हरियाणा दिल्ली को 100 एमजीडी पानी देने को तैयार नहीं है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्लीवालों को उनके हक का पानी दिलवाएं वरना अब उन्हें अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठना होगा।
आतिशी ने कहा कि जब तक दिल्लीवालों को पानी नहीं मिलेगा, तब तक वह अनशन पर बैठी रहेंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भीषण गर्मी की स्थिति है। दिल्ली वालों को ज्यादा मात्रा में पानी की जरूरत है, लेकिन, दिल्ली में पर्याप्त पानी नहीं है।
आतिशी ने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली में कुल पानी की सप्लाई 1050 एमजीडी है। उन्होंने कहा कि 1 एमजीडी पानी से 28,500 लोगों को आपूर्ति होती है। ऐसे में दिल्ली में जब हरियाणा से 100 एमजीडी पानी कम मिल रहा है, तो इससे 28 लाख लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पानी की कमी को लेकर आप विधायक केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से भी मिलने गए, लेकिन वह विधायकों से नहीं मिले।