अब मेट्रो की पार्किंग खाली करेगी जेब, ये होगी बढ़ी कीमत
नई दिल्ली में मई में मेट्रो का किराया बढ़ाकर यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने के बाद डीएमआरसी ने अबह मेट्रो पार्किंग की दरें बढ़ाने की तैयारी कर ली है। अब तक रोहिणी सेक्टर-18, 19, तीस हजारी उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन की पार्किंग दरें बढ़ाई जा चुकी हैं।
हालांकि डीएमआरसी इस पर कुछ भी साफ-साफ कहने को तैयार नहीं है। उनके मुताबिक हमने पार्किंग दरें नहीं बढ़ाई हैं। स्थानीय नगर निकायों के साथ जो दरें हैं, उसके हिसाब से नई पार्किंग दरें लागू की जा रही हैं।
मेट्रो एक साथ सभी स्टेशनों की पार्किंग दरें बढ़ाने के बजाय जैसे-जैसे पार्किंग का पुराना ठेका खत्म हो रहा है, नए टेंडर में नए दरों के साथ आवेदन मंगा रही है। डीएमआरसी ने अभी तक जिन चार पार्किंग का रेट बढ़ाया है उसमें 60 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है।
ये होंगी दरें
रोहिणी सेक्टर-18, 19 में फरवरी में बढ़ी दरें लागू र्हुइं थीं तो इसे ट्रायल बताया गया था। तब डीएमआरसी ने कहा था कि पार्किंग स्थलों पर नई सुविधाओं के साथ रेट बढ़ाया गया है।
सूत्रों की मानें तो रेड लाइन के सात स्टेशनों दिलशाद गार्डन, झिलमिल, मानसरोवर पार्क, शाहदरा, वेलकम, सीलमपुर, शास्त्री पार्क की पार्किंग के लिए बढ़ी हुई दरों के साथ टेंडर जारी कर दिया गया है।
कितनी बढ़ेंगी दरें
मेट्रो पार्किंग में वर्तमान में दोपहिया वाहन के लिए पहले छह घंटे के लिए 10 रुपये लगते हैं। 12 घंटे के लिए 15 रुपये और उससे ज्यादा होने पर 20 रुपये शुल्क है। मगर बढ़ी हुई दरों के मुताबिक दोपहिया के लिए पहले एक घंटे में 10 रुपये उसके बाद प्रति घंटा 5 रुपये बढ़ोतरी होगी। 1-5 घंटे के लिए 25 रुपये और 5-10 घंटे के लिए फिर 50 रुपये। 10 घंटे से ऊपर जाने पर एक रुपये प्रति घंटा चार्ज बढ़ेगा। इसी तरह चार पहिया वाहन जिसका पार्किंग चार्ज पहले छह घंटे के लिए 20 रुपये था वह बढ़ी दरों के साथ अब 1 -5 घंटे का 50 रुपये देना होगा।ो