{"_id":"68098c062bb2f2358d0626b9","slug":"delhi-mayor-elections-congress-seeks-support-from-aap-to-corner-bjp-2025-04-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi Mayor Elections : भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस ने आप से मांगा समर्थन, केजरीवाल और आतिशी को लिखी चिट्ठी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi Mayor Elections : भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस ने आप से मांगा समर्थन, केजरीवाल और आतिशी को लिखी चिट्ठी
Thu, 24 Apr 2025 06:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 24 Apr 2025 06:25 AM IST
सार
संख्या बल कम होने के बावजूद कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। बुधवार को कांग्रेस ने समर्थन के लिए आप नेताओं को पत्र लिखा है।
विज्ञापन
एमसीडी मुख्यालय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एमसीडी में 25 अप्रैल को होने वाले मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। संख्या बल कम होने के बावजूद कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। बुधवार को कांग्रेस ने समर्थन के लिए आप नेताओं को पत्र लिखा है।
विज्ञापन
कांग्रेस पार्षद दल की नेता नाजिया दानिक्स ने अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज, आतिशी सहित आप पार्षदों को पत्र भेजकर चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की है। नाजिया ने पत्र में दिल्लीवासियों के हित और भाजपा को सत्ता से दूर रखने की जरूरत पर बल दिया है। हालांकि, विधानसभा चुनाव के समय से कांग्रेस और आप रिश्तों में तनाव है। इसके बावजूद कांग्रेस ने इस मौके पर राजनीतिक समझदारी दिखाते हुए आप को न्योता भेजा है।
विज्ञापन
कांग्रेस ने मेयर पद के लिए मनदीप सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए अरिबा खान को मैदान में उतारा है। एमसीडी में कुल 250 पार्षद हैं, लेकिन वर्तमान में 12 सीटें रिक्त हैं। ऐसे में 238 पार्षदों के साथ-साथ लोकसभा के सात सांसद, राज्यसभा के तीन सांसद और दिल्ली विधानसभा से नामित 14 विधायक मिलकर कुल 262 वोट डालेंगे। बहुमत हासिल करने के लिए कम से कम 132 वोटों की आवश्यकता है। वर्तमान गणित के अनुसार, भाजपा के पास 135 वोट हैं, जबकि आप के पास 119 और कांग्रेस के पास सिर्फ आठ वोट हैं।
विज्ञापन
एमसीडी चुनाव में मतगणना और परिणामों से इतर यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा को टक्कर देने के लिए कांग्रेस व आप किसी समझौते तक पहुंचती हैं या फिर मुकाबला एकतरफा होता है या भाजपा अपनी संख्या बल के सहारे दोनों शीर्ष पदों पर कब्जा जमाने में सफल होती है।
मेयर चुनाव के लिए सत्या शर्मा बनीं पीठासीन अधिकारी
मेयर चुनाव के लिए उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। इस बार भी उपराज्यपाल ने मौजूदा मेयर की जगह भाजपा पार्षद सत्या शर्मा को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। सत्या शर्मा इससे पहले भी तीन बार पीठासीन अधिकारी की भूमिका निभा चुकी हैं और उन्हें चुनाव संचालन में अनुभव के आधार पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा ने पार्षदों के लिए जारी किया व्हिप
एमसीडी में मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए 25 अप्रैल को होने वाला चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। भले ही कांग्रेस के पार्षदों की संख्या दो अंकों तक भी नहीं है, लेकिन भाजपा किसी प्रकार की ढील देना चाहती। भाजपा ने सभी पार्षदों के लिए व्हिप जारी कर सदन की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। साथ ही, एमसीडी में नामित सभी 11 विधायकों और सातों सांसदों को भी बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा है। भाजपा के पास जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त वोट है, लेकिन वह कांग्रेस व आप के बीच समझौता होने जैसी हर संभावना पर नजर रखते हुए चुनाव में कोई चूक नहीं करना चाहती।