लोकनायक अस्पताल में उपचार के दौरान एक मरीज ने तोड़ा दम, नजफगढ़ समेत तीन इलाकों में सात संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के नजफगढ़ समेत तीन इलाकों में सात लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि एक मरीज ने लोकनायक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
नजफगढ़ निवासी एक परिवार में पति और पत्नी दोनों कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, द्वारका और कापसहेड़ा में पांच संक्रमित मिल चुके हैं। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद इन्हें निगरानी केंद्र में रखा गया है। सभी मरीजों में कोरोना स्टेज दो के लक्षण मिले हैं। इनके अलावा लोकनायक अस्पताल में स्टेज तीन कोरोना ग्रस्त मरीज ने दम तोड़ दिया है।
डॉक्टरों के अनुसार, मरीज पहले से ही हृदय रोगी था। कुछ ही दिन पहले उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस तरह लोकनायक अस्पताल में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। इसी अस्पताल में करीब 207 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 16 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
जीबी पंत अस्पताल में एक डॉक्टर, चार मरीज पॉजिटिव
नई दिल्ली। दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में एक डॉक्टर और चार मरीज संक्रमित मिले हैं। बाकी अस्पतालों की तरह यहां भी कोरोना का उपचार नहीं होता है। बावजूद इसके, अस्पताल में भर्ती मरीजों और आईसीयू में तैनात डॉक्टर को कोरोना होने से प्रशासन भी हड़कंप में आ गया है।
बताया जा रहा है कि पॉजिटिव डॉक्टर पिछले सात दिनों से लक्षण के बाद भी बृहस्पतिवार की सुबह तक ड्यूटी पर थे, जिसकी वजह से अब इस अस्पताल में संक्रमण का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। जीबी पंत के गैस्ट्रो विभाग को सील कर दिया है।
विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव सचदेवा ने बताया कि उनके विभाग में कार्यरत एक डॉक्टर कोरोना संक्रमित मिला है। उसके संपर्क में छह रेजिडेंट डॉक्टर के अलावा कई अन्य स्टाफ भी थे। अस्पताल के नर्सिंग यूनियन ने भी इसे लेकर सवाल खड़े किए हैं। यूनियन के अनुसार, एक महिला मरीज न्यूरो का उपचार कराने आपातकालीन विभाग में आई थी। उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया, लेकिन बाद में वह पॉजिटिव मिली। यूनियन ने यहां तक आशंका जताई है कि अस्पताल में और भी लोग कोरोना संक्रमित मिल सकते हैं।
यूपी-बिहार जा रहे 41 लोगों को पुलिस ने पकड़ा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने टेंपो और कार से राजधानी से बाहर जा रहे 41 लोगों को पकड़कर उन्हें शेल्टर होम भेज दिया है। पुलिस दोनों वाहन चालकों के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
शास्त्री पार्क थाना पुलिस बृहस्पतिवार तड़के आईएसबीटी कश्मीरी गेट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने एक टेंपो को रोका, जिसमें 34 लोग सवार थे। चालक एटा निवासी प्रवीण ने बताया कि सभी को यूपी में विभिन्न जगहों पर पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने सभी लोगों को शेल्टर होम भेज दिया। दूसरे मामले में न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने सरपंच चौक पर तड़के एक कार को रोका, जिसमें 7 लोग सवार थे। चालक की पहचान मल्कागंज के गुड़मंडी निवासी शिवम के रूप में हुई। उसने बताया कि सभी लोग मल्कागंज के रहने वाले हैं और बिहार जा रहे हैं। पुलिस ने सभी को शेल्टर होम भेजकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।