Delhi: नायकों का अभिनंदन करेगा अमृत महोत्सव पार्क, उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रखी नींव
आजादी का अमृत महोत्सव पार्क दिल्ली नगर निगम द्वारा 4.5 एकड़ में बने शहीदी पार्क में 16.50 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। यह पार्क बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित फिरोज शाह कोटला के बराबर में स्थित है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली नगर निगम वेस्ट टू आर्ट थीम पर आजादी का अमृत महोत्सव पार्क बना रहा है। इस पार्क की कृतियां स्वतंत्रता संग्राम के नायकों का अभिनंदन करेंगी। इसका निर्माण 26 जनवरी तक पूर्ण हो जाएगा। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने शनिवार को इसकी नींव रखी।
आजादी का अमृत महोत्सव पार्क दिल्ली नगर निगम द्वारा 4.5 एकड़ में बने शहीदी पार्क में 16.50 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। यह पार्क बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित फिरोज शाह कोटला के बराबर में स्थित है। पार्क दिल्ली के एक प्रमुख मनोरंजन स्थल के रूप में उभरेगा, जहां नक्काशी और मूर्तियों के माध्यम से नागरिक हमारे स्वर्णिम इतिहास और आजादी के नायकों से परिचित होंगे। यहां भारत की उत्पत्ति से लेकर वर्तमान समय को प्रतिकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव नरेश कुमार, एमसीडी के विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कुछ इस तरह डिजाइन किया जाएगा पार्क
पार्क में प्रतिकृतियों के 10 सेट लगाए जाएंगे। यह प्रतिकृतियां भारत के स्वर्णिम काल, विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध युद्ध, महान मराठा साम्राज्य, अदम्य सिख साम्राज्य, 1857 का स्वाधीनता संग्राम, जन आंदोलन, सांस्कृतिक व सामाजिक जागरूकता, स्वाधीनता संघर्ष, स्वदेशी आंदोलन व सत्याग्रह, भारत की स्वाधीनता, संविधान व रियासतों का विलय की होंगी। इनके 10 सेटों के अलावा पार्क में तीन दीर्घा भी स्थापित की जाएगी। यह दीर्घाएं भारत की गौरवशाली संस्कृति व इतिहास, साहस व वैज्ञानिक उपलब्धियों पर आधारित होंगी।
ऐसेे प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा यह पार्क : दिल्ली मेट्रो व डीटीसी बस सेवा से जुड़ा होने के कारण यह पार्क दिल्ली का प्रमुख पर्यटक स्थल होगा। पार्क में लोगाें के मनोरंजन के लिए स्मृति चिन्ह व खाने पीने की दुकानों की व्यवस्था होगी। पार्क में वाहनों की पार्किंग के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध है। यहां 140 किलो वॉट सोलर बिजली पैनल भी लगाए जाएंगे। पार्क का सौंदर्य निखारने के लिए विभिन्न प्रकार के पौधे व झाड़ियां लगाई जाएंगी।
200 टन कबाड़ से बनाया जाएगा पार्क
यह पार्क वेस्ट टू आर्ट थीम का एक उत्कृष्ट उदाहरण साबित होगा। इसके निर्माण में दिल्ली नगर निगम द्वारा एकत्रित 200 टन कबाड़ जैसे कि पुराने ट्रक, कारें, बिजली के खंबे, पाइप, एंगल, आयरन व जब्त किए रिक्शा इत्यादि का प्रयोग किया जाएगा।
दिसंबर तक होगा तैयार
उपराज्यपाल ने पार्क का नक्शा देखा। उन्होंने पार्क के केंद्रीय फव्वारे तक पानी की सुरंग बनाने, प्रवेश द्वार पर अनुवाद केंद्र व आगंतुकों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पार्क दिसंबर 2022 तक तैयार हो जाना चाहिए, ताकि 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में इसे जनता को समर्पित किया जा सके।