दिल्ली : कोरोना मरीजों के लिए 20 हजार अतिरिक्त बेड का इंतजाम करेगी सरकार, होटलों और बैंक्वेट हॉल में की जाएगी व्यवस्था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अगले एक सप्ताह में 20 हजार अतिरिक्त कोविड बेड की व्यवस्था करने की योजना बनाई है। सरकार के आदेश के मुताबिक, दिल्ली के छोटे-बड़े होटलों और बैंक्वेट हॉल में इनका इंतजाम किया जाएगा। दिल्ली के 40 होटलों में करीब 4 हजार कोविड बेड बनाए जाएंगे। इन्हें निजी अस्पतालों के साथ जोड़ा जाएगा। करीब 80 बैंक्वेट हॉल में 11 हजार कोविड बेड बनाए जाएंगे, जिन्हें नर्सिंग होम के साथ जोड़ा जाएगा। इसके अलावा नर्सिंग होम में 5 हजार बेड की व्यवस्था की जाएगी।
कोविड-19 नर्सिंग होम घोषित
सरकार ने 10 से 49 बेड की क्षमता वाले सभी छोटे और मध्यम मल्टी स्पेशियलिटी नर्सिंग होम काे कोविड-19 नर्सिंग होम घोषित कर दिया है। आदेश के मुताबिक, इस क्षमता वाले सभी नर्सिंग होम को तीन दिन के अंदर अपने कोविड बिस्तरों को तैयार रखने का आदेश दिया गया है। ऐसा करने में विफल रहने वालों को नर्सिंग होम पंजीकरण के नियमों के उल्लंघन के दोषी माने जाएंगे और उन पर कार्रवाई की जाएगी। आंख, कान और गले का इलाज करने वाले केंद्रों, डायलिसिस केंद्रों, प्रसव गृहों और आईवीएफ केंद्रों को इससे छूट दी गई है।
दिल्ली में कोरोना की स्थिति पर गृह मंत्री ने की बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस की स्थिति का जायजा लेने के लिए उप राज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ दिल्ली के तीन नगर निकायों के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर यह रविवार के दिन आयोजित दूसरी उच्च स्तरीय बैठक थी। पहली बैठक बैजल, केजरीवाल, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, केंद्रीय गृह और स्वास्थ्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ हुई थी। एक अधिकारी के अनुसार दूसरी बैठक मुख्य रूप से संक्रमण को रोकने के लिए नगर निकायों द्वारा उठाए गए कदम और तेजी से फैल रहे संक्रमण की जांच करने को लेकर थी।