Delhi: ई-वाहनों के लिए होगी सुविधा, बस डिपो में लगेंगे 100 चार्जिंग स्टेशन
दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीटीआईडीसी) ने नए स्टेशनों के निर्माण की शुरुआत कर दी है। चार्जिंग स्टेशनों पर जीपीएस सहित दूसरी सुविधाएं भी होंगी ताकि इनकी जानकारी आसानी से हासिल की जा सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली सरकार ने 14 बस डिपो में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने की शुरुआत कर दी है। इसके तहत राजघाट, छतरपुर, द्वारका सेक्टर-22, सीमापुरी, दिलशाद गार्डन, कैर, ढिचाऊ कलां, रानीखेड़ा, बवाना सेक्टर-1, रेवला खानपुर और कंझावला सहित दूसरे डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। सितंबर तक दिल्ली में 100 नए चार्जिंग स्टेशन लगाने की सरकार की योजना है।
दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीटीआईडीसी) ने नए स्टेशनों के निर्माण की शुरुआत कर दी है। चार्जिंग स्टेशनों पर जीपीएस सहित दूसरी सुविधाएं भी होंगी ताकि इनकी जानकारी आसानी से हासिल की जा सके। दिल्ली सरकार ने दो रुपये प्रति यूनिट की दर से इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के लिए चार्जिंग की सुविधा मुहैया करवाने की पहले ही घोषणा कर दी है। दूसरे राज्यों में चार्जिंग का खर्च प्रति यूनिट 10-12 रुपये या इससे भी अधिक है। अगले चरण में परिवहन विभाग की 20 और नई साइट को शामिल किया जाएगा।
दिल्ली सरकार ने स्विच दिल्ली अभियान के तहत लोगों को ई-वाहनों के लिए प्रोत्साहित करने की पहल की थी। इसके तहत डीजल, पेट्रोल और सीएनजी से इलेक्ट्रिक वाहनों पर स्विच करने वाले वाहनों के लिए सरकार की ओर से वित्तीय प्रोत्साहन की सुविधा भी मुहैया की जा रही है।
सितंबर तक होंगे 100 चार्जिंग स्टेशन
फिलहाल दिल्ली में 573 चार्जिंग स्टेशन, 812 चार्जिंग पॉइंट और 318 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन हैं। 500 चार्जिंग पॉइंट वाले 100 नए चार्जिंग स्टेशन के सितंबर तक शुरू होने से ई-वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। इनमें दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर 71 चार्जिंग स्टेशन भी शामिल हैं।
ई-साइकिल को भी किया जा रहा है प्रोत्साहित
सरकार की ओर से ई-वाहनों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत ई-ऑटो, कार, ई-बस के बाद अब ई-साइकिल को भी सरकार बढ़ावा दे रही है। इसके तहत खुद के इस्तेमाल के लिए ई-साइकिल के अलावा रिटेल स्टोर से उत्पादों की होम डिलीवरी के लिए कार्गोँ साइकिल पर भी सब्सिडी देने की घोषणा की है। ई साइकिल पर 5500 रुपये की सब्सिडी है और इसका फायदा लेने के लिए लोग आवेदन भी कर रहे हैं। इनमें ई साइकिल की तरफ लोगों का अधिक रुझान है।