दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चे ऑनलाइन योग, एरोबिक, जुम्बा सीखेंगे
-शिक्षा निदेशालय ने विभिन्न ऑनलाइन सत्र तैयार किए, यू-ट्यूब चैनल पर किए जाएंगे अपलोड
-बच्चे की भागीदारी का रिकॉर्ड आंतरिक मूल्यांकन का हिस्सा होगा
विस्तार
कोविड-19 के कारण स्कूल बंद हैं। बच्चों को ऑनलाइन कक्षाएं दी जा रही हैं। अब दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूल के बच्चों को ऑनलाइन ही फिट करने के प्रयास शुरू किए हैं। अब बच्चों को ऑनलाइन ही फिटनेस क्लास भी होगी, जिसमें उन्हें योग, एरोबिक्स, जुम्बा व ध्यान लगाना सिखाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने एक यू-ट्यूब चैनल तैयार किया है, जिस पर सेशन के विभिन्न सत्रों को अपलोड किया जाएगा। खास बात यह है कि इन सेशन में हिस्सा लेने का लाभ बच्चे को उसके आंतरिक मूल्यांकन में मिलेगा।
शिक्षा निदेशालय का मानना है कि किसी प्रकार की शारीरिक गतिविधि में भाग लेने या दिनचर्या में बदलाव करने से तनाव और चिंता को कम करने में मदद मिलती है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है, इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए निदेशालय ने बच्चों की आयु के अनुसार योग, एरोबिक्स, जुम्बा के ऑनलाइन सत्र विकसित किए हैं।
सत्र इस तरह से डिजाइन किए गए हैं कि छात्र उन्हें छोटे स्थान पर बिना उपकरणों के भी कर सकते हैं। छात्रों तक इन सत्रों को पहुंचाने के लिए एक यू-ट्यूब चैनल भी बनाया गया है। सत्रों के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों की सूची स्कूलों को भेज दी गई है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूलों को कहा गया है कि वह यह सुनिश्चित करें कि इन कक्षाओं में बच्चों को अपने शिक्षक का सहयोग भी मिले। साथ ही भाग लेने वाले छात्रों को सलाह दी गई है कि वे गतिविधियों को करते हुए स्पोर्ट्स किट पहनें।
इसके साथ ही अपनी भागीदारी के रिकॉर्ड के लिए चित्र व रिपोर्ट बनाए रखें। इससे उसका उपयोग उनके आंतरिक मूल्यांकन केलिए किया जाएगा। शिक्षकों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से नियमित रूप से छात्रों का निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया है। वॉर्मअप करना और रिलेक्स करना इस फिटनेस क्लास का अनिवार्य हिस्सा होगा। मानसिक स्वास्थ्य के लिए हर सत्र के बाद ध्यान का अभ्यास भी किया जाएगा।
आयु वर्ग होगा महत्वपूर्ण
केजी से पांचवीं तक के बच्चों के लिए इस क्लास की अवधि 20-25 मिनट की होगी, जिसमें उन्हें योग, संतुलन एक्सरसाइज, एरोबिक्स, कोर्डियो एक्टिविटी, डांस एक्टिविटी व फिटनेस एक्टिविटी करवाई जाएंगी। वहां छठी से आठवीं तक के छात्रों केलिए क्लास की अवधि 30-35 मिनट की होगी, जिसमें एरोबिक्स, जुम्बा, योग, ध्यान, मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज, मॉर्शल ऑर्ट, सेल्फ डिफेंस, व वर्कआउट कराया जाएगा। वहीं नौवीं से दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए फिटनेस क्लास 30-35 मिनट की होगी, जिसमें एक्सरसाइज, सेल्फ डिफेंस गतिविधि, योग, ध्यान, व वजन प्रबंधन क्रियाएं कराई जाएंगी।