अब सीवर में नहीं होगी कोई मौत, सफाईकर्मियों को मुफ्त सुरक्षा किट देगी दिल्ली सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली सरकार ने एलान किया है कि वह दिल्ली के हर सफाईकर्मी को सुरक्षा किट देगी। बिना सुरक्षा किट के किसी भी सफाईकर्मी को सीवर साफ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सरकार का दावा है कि इससे सफाई के दौरान किसी भी सफाईकर्मी की मौत नहीं होगी। सफाईकर्मियों को जल्द ही सरक्षा उपकरणों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। सरकार सीवर की सफाई के लिए रोबोट खरीदने की योजना पर भी काम कर रही है। ये बातें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद दिल्ली की जल सेवा में बहुत सुधार हुआ है। केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने से पूर्व दिल्ली की केवल 58 फीसद कॉलोनियों में ही पानी की सप्लाई हुआ करती थी। उनके कार्यकाल में यह आंकड़ा 93 फीसद तक पहुंच चुका है। लगभग यही आंकड़ा सीवर लाइन के मामले में भी है। केजरीवाल के मुताबिक, उनके आने से पहले केवल पचास फीसद क्षेत्र में ही सीवर पाइप लाइन बिछी हुई थी। लेकिन अब यह आंकड़ा 80 फीसद तक पहुंच चुका है।
आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार पूरे देश में पहली ऐसी सरकार है जिसने गरीबों का वेतन बढ़ाकर 14,000 रुपये करना अनिवार्य कर दिया था, जबकि सभी उनके इस फैसले के खिलाफ थे। इसके लिए उन्हें कोर्ट तक लड़ाई लड़नी पड़ी, लेकिन उन्होंने गरीब लोगों से किया वायदा निभाया और उन्हें उनका हक दिलवाया।
दिल्ली में सीवर में हुई थी सबसे ज्यादा मौत
एक आंकड़े के मुताबिक, गत वर्ष सीवर में सफाई करने के दौरान कुल 88 सफाई कर्मियों की मौत हो गई थी। इसमें सबसे ज्यादा मौत दिल्ली में हुई थी जहां 18 सफाईकर्मियों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। विपक्ष ने इसके लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया था क्योंकि वे स्वयं दिल्ली जल बोर्ड के मुखिया के तौर पर काम कर रहे हैं जिसकी जिम्मेदारी के अंतर्गत ये काम आते हैं।