शेर के बाड़े में युवक के घुसने पर दिल्ली सरकार ने की कार्रवाई, डायरेक्टर रेनू सिंह का हुआ तबादला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के चिड़ियाघर में शेर के बाड़े में युवक के घुसने पर केजरीवाल सरकार ने कार्रवाई की है। सरकार ने चिड़ियाघर की डायरेक्टर रेनू सिंह का तबादला कर उन्हें पर्यावरण मंत्रालय में भेज दिया है। वहीं उनकी जगह पर्यावरण मंत्रालय में डीआईजी डॉ. सुनील बख्शी को दिल्ली चिड़ियाघर का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
बता दें कि घटना गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। जब एक युवक दस वर्षीय सुंदरम शेर के 17 नंबर बाड़े में करीब 15 मिनट तक रहा। युवक कभी शेर के पास बैठता तो कभी लेट जाता। कई बार उसने शेर को उकसाने का प्रयास किया, लेकिन शेर ने उस पर हमला नहीं किया। बचाव दल ने शेर को ट्रेंक्यूलाइज (बेहोश) कर काफी मशक्कत के बाद युवक को बाड़े से सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
प्रांरभिक जांच में युवक को मानसिक रूप से बीमार बताया गया था। फिलहाल उसे निजामुद्दीन थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां देर शाम तक उससे पूछताछ की जा रही थी। चिड़ियाघर के प्रवक्ता ने बताया कि युवक रेहान पुत्र नबी खान कुछ दिन पहले ही दिल्ली आया था और फिलहाल गौतम विहार में रह रहा था।
झाड़ियों के पीछे छिपने की कोशिश कर रहा था
बचाव दल के ही एक सदस्य ने बताया कि शेर को बेहोश करने के बाद जब टीम रेहान को बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी तो वह भागकर झाड़ी और पेड़ों के पीछे छिपने की कोशिश कर रहा था। उसकी जेब से एक बगैर कैमरे वाला मोबाइल भी बरामद हुआ है।
बातचीत करने पर वह अजीब से जबाव दे रहा था। ऐसा लग रहा था कि वह मानसिक रूप से बीमार है। हालांकि टीम का कहना है कि शेर ने युवक पर हमला नहीं किया।
यूं घुसा बाड़े में
पुलिस के अनुसार बाड़े की एक तरफ लोहे की ग्रिल थी वहीं, दूसरी साइड में बांस की लकड़ी का बाड़ा बनाया हुआ था। रेहान बांस की लकड़ी के बाड़े पर चढ़ गया था और फिर अंदर की ओर कूद गया। पुलिस और चिड़ियाघर प्रबंधन को बाड़े के बाहर लकड़ी की बल्ली टूटी मिली है। बताया जा रहा है कि बल्ली के टूटे होने का कारण पता लगाया जा रहा है कि आखिर इसे रेहान ने तोड़ा या फिर बल्ली कमजोर थी, जो उसके भार से टूट गई।
गार्ड से कहा था, मरने आया हूं
सुरक्षा गार्ड ने बताया कि रेहान जब चिड़ियाघर में आया था तो उससे पूछताछ की गई। उसने कहा कि वह यहां मरने आया है। गार्ड ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
चिड़ियाघर में घुसकर शेर के बाड़े में कूद जाने की घटना ने चिड़ियाघर प्रबंधन पर कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा से जुड़ी इस तरह की लापरवाही पर फिलहाल प्रबंधन खामोश हैं। इससे पहले भी दिल्ली चिड़ियाघर में ऐसी घटना देखने को मिल चुकी है। वर्ष 2014 में एक विजय नामक टाइगर ने राजस्थान के युवक को मार डाला था।