फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi: Fire broke out in a four-storey building, woman died

Delhi : चार मंजिला इमारत में लगी आग, जान बचाने को कई लोग नीचे कूदे, महिला की मौत, दमकलकर्मी समेत 19 लोग झुलसे

Wed, 15 Nov 2023 03:38 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Wed, 15 Nov 2023 03:38 AM IST
सार

इस दौरान तीस से अधिक लोग फंस गए। आग से शाफ्ट में लगे एसी के कंप्रेसर और पार्किंग में खड़ी बाइक व गाड़ियों के पेट्रोल टैंक में धमाके होने लगे।

विज्ञापन
Delhi: Fire broke out in a four-storey building, woman died
आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी... - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शकरपुर स्थित गणेश नगर-2 में सोमवार आधी रात चारमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस दौरान तीस से अधिक लोग फंस गए। आग से शाफ्ट में लगे एसी के कंप्रेसर और पार्किंग में खड़ी बाइक व गाड़ियों के पेट्रोल टैंक में धमाके होने लगे। धुंआ और आग की गर्मी ऊपरी मंजिलों तक पहुंची तो लोगों की नींद खुली। दो भागों में बनी इमारत का बायां हिस्सा आग से ज्यादा प्रभावित था।

विज्ञापन


बढ़ती आग के बीच पहली और दूसरी मंजिल पर खौफजदा छह लोगों ने जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की 17 गाड़ियां पहुंच गईं। पुलिस, दमकल विभाग व लोगों की मदद से करीब 26 लोगों को इमारत से निकाला गया। हादसे में एक दमकलकर्मी समेत कुल 19 लोग जख्मी और झुलस गए। हताहतों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे में चौथी मंजिल पर मौजूद अनीता (55) की दम घुटने से मौत हो गई। शकरपुर पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद शार्ट सर्किट को आग की वजह बताया जा रहा है।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, हादसा सोमवार रात करीब 1 बजे शकरपुर स्थित गणेश नगर-2, एफ-11/750 में हुआ। यहां 200 गज के प्लाट को दो भागों में बांटकर प्रत्येक मंजिल पर 100-100 गज के दो फ्लैट बनाए गए हैं। ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग हैं। चार मंजिला इमारत में कुल आठ फ्लैट हैं, जिनमें तीस से अधिक लोग परिवारों के साथ रहते हैं। इमारत में दोनों ओर के फ्लैटों में जाने के लिए पीछे की ओर सीढ़ी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


सोमवार रात को पार्किंग में चार कारें, 11 दोपहिया व तीन साइकिलें मौजूद थीं। देर रात को पार्किंग में सढि़ी के पास आग लग गई। उस समय ज्यादातर परिवार गहरी नींद में थे। चौथी, पहली और तीसरी मंजिल पर कुछ लोग रात की शिफ्ट में वर्कफ्रॉम होम काम कर रहे थे। इन लोगों ने जलने की गंध महसूस की तो शोर मचाया। शोरशराबा होने पर परिवारों ने अपने-अपने फ्लैट के दरवाजे खोले तो सीढ़ी पर धुंआ था। तीसरी और चौथी मंजिल के कुछ लोग छत पर पहुंच गए। बाद में पड़ोसियों की मदद से दूसरी इमारत की छत पर जाकर इन लोगों ने जान बचाई, जबकि बाकी लोग अपने-अपने फ्लैट में कैद हो गए।

दंपती ने बच्चों को कंबल बांधकर नीचे फेंका
दूसरी मंजिल पर मौजूद शिक्षक दंपती कमल तिवारी (40) और प्रियंका (36) ने जान बचाने के लिए पहले तीन साल के बेटे शिवाय को फाॅम के गद्दे और कंबल में बांधकर दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे फेंक दिया। इसके बाद कई कंबल में लपेटकर दूसरे बेटे शौर्य (12) को नीचे फेंका। बाद में प्रियंका और कमल ने भी नीचे छलांग लगा दी। चारों बुरी तरह जख्मी हो गए। पहली मंजिल पर मौजूद दमा के मरीज नरेश नागर (62) ने भी जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगा दी। हादसे में उनकी कूल्हे की हड्डी टूट गई। पत्नी मधुबाला (58) भी बुरी तरह झुलस गईं। 

पहली मंजिल पर इमारत के दूसरे वाले फ्लैट में लैपटॉप पर काम कर रही शिवानी (26) ने भी छलांग लगा दी। इससे उनके हाथ की हड्डी टूट गई। उन्हें वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग पर करीब 2:25 बजे काबू पा लिया गया। बाद में सीढ़ी लगाकर धीरे-धीरे 19 लोगों को इमारत से निकाला गया। हादसे में मंडावली-आईपी एक्सटेंशन का फायरमैन समय सिंह (36) दम घुटने से अचेत हो गए। उन्हें एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों को कैट्स एंबुलेंस, पीसीआर और निजी गाड़ियों से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

खड़ी गाड़ियों और लड़ियों के कारण दमकल को पहुंचने में हुई दिक्कत

गणेश नगर-2 में आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकलकर्मी घटनास्थल पर देर से पहुंचे। ऐसे में आग बढ़ गई और पूरी इमारत चपेट में आ गई। हालंकि, दमकल विभाग के अधिकारियों ने आरोपों से इंकार करते हुए सूचना मिलने के 10 मिनट में मौके पर पहुंचने का दावा किया है।

अधिकारियों ने बताया कि मदर डेयरी रोड से अंदर गणेश नगर में दाखिल होने के दौरान सड़क पर लोगों ने गाड़ियां खड़ी कर रखी थीं। इसके अलावा दीपावली पर लगाई लड़ियों से भी अंदर जाने में दिक्कत हुई। इसके बावजूद समय पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। एसटीओ फिरोज खान ने बताया कि शुरुआत में तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। आग वाहनों में लगी थी, ऐसे में आग तेजी से फैल गई। 

धीरे-धीरे आग ऊपरी मंजिलों की ओर बढ़ रही थी। पार्किंग में लगी आग की वजह से फौरन सामने की ओर से सीढ़ी लगाकर लोगों को ऊपरी मंजिल से नहीं उतारा जा सकता था। पहले आग पर काबू पाने का प्रयास हुआ। पार्किंग में आग बुझाने के बाद पहले सामने की ओर सीढ़ी लगाकर कुछ लोगों को उतारा गया। बाद में अंदर आग की गर्मी कम होने के बाद इमारत की सीढि़यों को इस्तेमाल कर कुछ लोगों को उतारा गया। इसके अलावा कुछ लोगों को छत के रास्ते पड़ोस की इमारत से निकाला गया।

तीन महीने पहले भी इमारत में लगी थी आग
दूसरी मंजिल पर रहने वाले ऋतिक ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व भी पार्किंग में शार्टसर्किट से आग लग गई थी। उस समय सारे मीटर अंदर पार्किंग में लगे थे। आग से एक गाड़ी के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद इमारत में रहने वाले सभी लोगों ने प्रयास कर अपने-अपने मीटर बिल्डिंग के बाहर दीवार पर लगवा दिए थे। अब मीटर बाहर लगने के बाद भी दोबारा शायद शार्टसर्किट से आग लगी। इमारत के आधे हिस्से में बनी पार्किंग को बिल्डर ने गोदाम बनाकर किराये पर दिया हुआ है। बाकी 100 गज के हिस्से में पार्किंग के अलावा सीढि़यां भी हैं। यहीं पर चार कार, 11 दोपहिया वाहन और तीन साइकिलें खड़ी थीं।

बीएसईएस वाले पहले सीए नंबर बताओ
आग लगने के बाद बिल्डिंग के लोगों ने बीएसईएस को कॉल कर एरिया की लाइट काटने की गुजारिश की। लोगों ने बताया भी कि इमारत में आग लगी है। बिजली बंद होने पर शायद आग कम हो जाएगी। इस पर बीएसईएस के कर्मचारियों ने कॉलर ऋतिक से पहले मीटर का सीए नंबर बताने के लिए कहा। कई लोगों ने ऐसे ही कॉल की। सभी से सीए नंबर मांगा गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में खासा रोष था।

पार्किंग में आग लगने की कुछ घटनाएं
  • 8 नवंबर 2023: वेलकम स्थित कबीर नगर में चारमंजिला इमारत की पार्किंग में लगी आग से पिता-पुत्री झुलसे। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया, बाकी लोगों ने पड़ोस की इमारत में जाकर जान बचाई।
  • 29 अगस्त 2022: दिल्ली के जीटीबी एंक्लेव स्थित दिलशाद कालोनी में देर रात चारमंजिला इमारत की पार्किंग में भीषण आग लगी। आग लगने से इमारत में धुआं भरा, लोगों ने छत पर भागकर अपनी जान बचाई।
  • 2 नवंबर 2016: शाहदरा की मोहन पार्क कॉलोनी में चारमंजिला इमारत की पार्किंग में आग लगने से मां-बेटी समेत तीन की मौत हुई 12 लोग झुलस गए।
  • 19 जून 2019: दक्षिण पूर्वी दिल्ली के अबुल फजल एंक्लेव इलाके में आवासीय इमारत के पार्किंग स्थल पर आग लग गई। घटना में सात लोगों को बचाया गया।
  • 6 अगस्त 2019 : दिल्ली के जाकिर नगर में एक इमारत की पार्किंग में भीषण आग लगी, आग में 6 लोगों की मौत, 11 लोग झुलसे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed