{"_id":"66773ad35d0290119f0ce5e4","slug":"delhi-delhi-s-political-temperature-rises-amid-water-crisis-2024-06-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi : जल संकट के बीच चढ़ा दिल्ली का सियासी पारा, अनशन पर आतिशी; पूर्व बस मार्शलों का हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi : जल संकट के बीच चढ़ा दिल्ली का सियासी पारा, अनशन पर आतिशी; पूर्व बस मार्शलों का हंगामा
Sun, 23 Jun 2024 02:29 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 23 Jun 2024 02:29 AM IST
विज्ञापन
बस मार्शलों का विरोध...
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में जल संकट के बीच सियासी पारा भी बढ़ गया है। भोगल के जंगपुरा स्थित सैनी चौपाल में जल मंत्री आतिशी का दूसरे दिन शनिवार को भी पानी की अतिरिक्त मांग को लेकर अनशन जारी रहा। आतिशी का दावा है कि हरियाणा से पानी मिलने तक वे अनशन से उठने वाली नहीं हैं। उधर, दोपहर में अनशन स्थल पर पूर्व बस मार्शल भी अपनी मांग रखने के लिए पहुंच गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। आप ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया। आरोप है कि भाजपा के लोगों ने व्यवस्था को बिगाड़ने और शांतिपूर्ण अनशन में बाधा डालने की कोशिश की।
विज्ञापन
इससे पहले आतिशी सुबह स्थानीय शिव मंदिर में पूजा कर अनशन पर बैठीं। दोपहर होने से पहले सांसद संजय सिंह, विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल समेत आप के कई विधायक व पार्षद मौके पर पहुंच गए। आप नेताओं ने आतिशी का उत्साह बढ़ाया और हरियाणा से हिस्से का पानी मिलने के बाद ही अनशन से उठने की बात कही। दोपहर 12 बजे संजय सिंह मंच से भाषण दे ही रहे थे, तभी वहां पूर्व बस मार्शल पहुंच गए। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने आतिशी और दिल्ली सरकार से अपने लिए इंसाफ की मांग की। इससे हंगामा खड़ा हो गया। देखते-देखते आप कार्यकर्ताओं व मार्शल के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया। साथ में अनशन स्थल से दूर ले गए। इसके बाद ही हंगामा थमा।
विज्ञापन
आरोप-प्रत्यारोप
आतिशी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी उन पर हमला करने की नीयत से पहुंचे थे। वह और उनकी पार्टी इस तरह की हरकतों से डरने वाली नहीं है। आप का एक-एक कार्यकर्ता बापू के सिखाए हुए सत्याग्रह के रास्ते पर चल रहा है। मांग पूरी होने तक यह रुकने वाला नहीं हैं, जबकि मार्शलों का कहना था कि वे किसी के इशारे पर नहीं आए हैं। अक्तूबर 2023 में दिल्ली सरकार ने बिना नोटिस दिए सैकड़ों लोगों को बेरोजगार कर दिया। वे 2015 से काम कर रहे थे। वे किसी पार्टी के लिए नहीं आए हैं। कविता ने कहा कि पीड़ित बस मार्शल आठ माह से अनशन पर है। पेट की लड़ाई लड़ रहे हैं। दिल्ली सरकार के पास वे अपनी बात रखने आए हैं।
विज्ञापन
अनशन रहेगा जारी
आतिशी ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि जब तक 28 लाख लोगों को हरियाणा से अतिरिक्त पानी नहीं मिल जाता, अनशन जारी रहेगा। दिल्ली में पानी की बहुत कमी है। भीषण गर्मी में जब दिल्ली वालों को अधिक पानी चाहिए था, यहां पानी की कमी हो गई है। दिल्ली के पास अपना कोई पानी नहीं है। यहां आने वाला सारा पानी पड़ोसी राज्यों से आता है। उन्होंने हर संभव रास्ता अपनाकर देख लिया, लेकिन जब किसी भी तरीके से हरियाणा सरकार पानी देने के लिए तैयार नहीं हुई तो अनशन पर बैठने के अलावा कोई रास्ता नहीं था।
फाइव स्टार सत्याग्रह कर रहीं आतिशी: भाजपा
जल मंत्री आतिशी के धरने को भाजपा ने प्रशासनिक अराजकता बताया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को कहा कि सत्याग्रह एक पवित्र आंदोलन है जिसे महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय समेत कई शीर्ष नेताओं ने अंग्रेज शासकों के खिलाफ जनजागरण के लिए शुरू किया था। उनके सत्याग्रह में एक मंच होता था, वहीं दिन रात बैठकर जनता से जुड़ते थे। ऐसा लगता है कि आतिशी एक फाइव स्टार सत्याग्रह कर रही हैं, वे चार घंटे मंच पर बैठती हैं और 18 घंटे मंच के पीछे एयरकंडीशन कमरे में चली जाती हैं। दिल्ली के लोग स्तब्ध हैं कि यह कैसा अनशन है जिसमे अनशनकारी हर फाइव स्टार सुख सुविधा भोग रहा है। यह सत्याग्रह आंदोलन की पवित्रता का अपमान है। आतिशी सत्याग्रह की मूल भावना को ठेस पहुंचा रही हैं। एक मंत्री का धरना देना भूख हड़ताल की बात करना हास्यास्पद लगता है। मंत्री का काम जनता की सुविधा के लिए काम करना होता है। सच में उन्हें लगता है दिल्ली में जल की कमी है और हरियाणा सरकार अतिरिक्त जल नहीं दे रही है तो वे अपनी पार्टी की पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पानी मांग लेतीं।
जल बोर्ड पानी मांगने पहुंचे भाजपाइयों पर पानी की बौछार
पानी की समस्या को लेकर दक्षिणी दिल्ली में करीब एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। ओखला फेज-2 स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पानी की मांग को लेकर शनिवार को पहुंच गए। यह देखते हुए जल बोर्ड कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर पुलिस को तैनात किया गया। महिलाएं और पुरुष कार्यकर्ता पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय की तरफ बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह बैरिकेड पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड को गिराने का प्रयास किया। प्रदर्शन को उग्र होता देख स्थिति काबू करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। इसकी बौछार से भीड़ तितर-बितर हुई।
पानी की समस्या को लेकर दक्षिणी दिल्ली के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने मोर्चा खोल दिया है। वे अपने लोकसभा क्षेत्र के सभी 10 विधानसभा में विरोध-प्रदर्शन कर दिल्ली सरकार को पानी के मुद्दे पर घेर रहे है। शनिवार को तुगलकाबाद इलाके में बिधूड़ी ने अपने समर्थकों के साथ जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने दिल्ली सरकार की जल मंत्री आतिशी पर आरोप लगाया कि वह टैंकर माफिया को बढ़ावा दे रही है। दक्षिणी दिल्ली की आम जनता कितनी परेशान है, उन्हें इसका अंदाजा भी नहीं है। उन्होंने कहा कि नाम रख लेने से कोई आम आदमी नहीं हो जाता। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 54 करोड़ के महल में रहने वाला आम आदमी नहीं होता। जल बोर्ड में घोटाला चल रहा है, इस वजह मुनाफे की जगह जलबोर्ड घाटे में चला गया है। काम करने के लिए कर्मचारी तक नहीं है। दिल्ली की जनता पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है और आम आदमी पार्टी राजनीति करने में जुटी है।
पानी सत्याग्रह को सीपीआई का समर्थन, सुनीता ने जाना हालचाल
जल मंत्री आतिशी के पानी सत्याग्रह को इंडिया गठबंधन के घटक दलों का भी समर्थन मिल रहा है। शनिवार को सीपीआई के महासचिव डी. राजा ने भोगल में अनशन स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। इसके अलावा गुजरात और महाराष्ट्र से गोपाल इटालिया समेत आप के कई नेता पहुंचकर सत्याग्रह में शामिल हुए। वहीं, शाम को मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौके पर पहुंचकर आतिशी का हालचाल जाना। इस दौरान डी. राजा ने प्रधानमंत्री को कर्तव्य निभाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली गंभीर जल संकट से गुजर रही है। हरियाणा और दिल्ली सरकार के बीच तालमेल बनाने की पहल करनी चाहिए, लेकिन वो नहीं कर रहे हैं।
वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने दिल्ली का पानी बंद करा दिया, जबकि आप के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जल संकट को दूर करने के लिए सारे अस्त्र आजमा लिए। केंद्र से लेकर हरियाणा सरकार तक की मिन्नतें कर लीं, लेकिन पानी नहीं मिला। दिल्ली के हक का पानी उसका अधिकार है, जो उसे मिलना चाहिए। वहीं, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार से बार-बार आग्रह करने पर भी पानी नहीं छोड़ा गया। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, लेकिन कोई हल नहीं निकला। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से भी आग्रह किया।
सुनीता केजरीवाल ने आतिशी का स्वास्थ्य जाना
सुनीता केजरीवाल कुछ देर तक अनशन स्थल पर मौजूद रहीं और आतिशी का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी आतिशी और दिल्ली की जनता के साथ खड़ी है। दिल्ली के अधिकार को दिलवा कर रहेंगे।
अनशन पर आतिशी की हुई स्वास्थ्य जांच
आप नेताओं ने बताया कि आतिशी के ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल में गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही, कुछ न खाने से वजन भी घटा है।