Delhi: वारदात से पहले मजार पर मत्था टेक मांगते थे दुआएं, उसके बाद ढूंढते थे शिकार, दो बदमाश गिरफ्तार
आरोपियों ने बताया है कि वह किसी भी वारदात को अंजाम देने से पूर्व मजार पर जाकर दुआएं जरूर मांगते थे। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुलजार अहमद अंसारी और मोहम्मद तारिक के रूप में हुई है।
विस्तार
उत्तरी जिला के एएटीएस ने वारदात को अंजाम देने से पूर्व मजार पर मत्था टेककर आशीर्वाद लेने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुलजार अहमद अंसारी और मोहम्मद तारिक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से एक पिस्टल व छह कारतूस के अलावा चोरी की एक मारुति ईको वैन बरामद की है।
आरोपियों ने बताया है कि वह किसी भी वारदात को अंजाम देने से पूर्व मजार पर जाकर दुआएं जरूर मांगते थे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इनको हथियार उपलब्ध करवाने वाले हाफिज और इनके दोनों साथी हिलाल और संजय की तलाश कर रही है।
उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी न बताया कि जिले का एएटीएस लगातर लूटपाट, झपटमारी, चोरी और वाहन चोरी करने वाले बदमाशों की जानकारी जुटने में लगा था। इसी कड़ी में जांच करते हुए सात जनवरी को एएसआई संजीव कुमार को खबर मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाश नौ गजा पीर, वजीराबाद के पास आने वाले हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जाल बिछा दिया। शाम करीब छह बजे दोनों आरोपी मारुति ईको वैन में सवार होकर वहां पहुंचे। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। दोनों की तलाशी लेने पर इनके पास से एक पिस्टल व छह कारतूस बरामद हुए। आरोपी गुलजार ने बताया कि उनको दो माह पूर्व खजूरी निवासी हाफिज ने 20 हजार रुपये में पिस्टल उपलब्ध करवाई थी। वह लगातार अपने दो अन्य साथी हिलाल और संजय के साथ मिलकर झपटमारी, लूटपाट, चोरी और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।