दिल्ली में कोरोना: आज आ सकते हैं 14000 नए मामले, जैन बोले- ओमिक्रॉन से शहर में एक भी मौत नहीं
रोजाना की तरह दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने आज भी मीडिया से बात कर राजधानी में कोरोना के हालात पर अपडेट दिए और कहा कि हम बढ़ते मामलों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिछले 15 दिनों के दौरान संक्रमण में करीब 100 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। संक्रमण दर में भी 20 दिसंबर, 2021 से पांच जनवरी, 2022 के बीच करीब 50 गुना की बढ़ोतरी हो चुकी है। पिछले साल 16 मई को इससे पहले दिल्ली में कोरोना के 6456 मामलों के साथ संक्रमण दर 10.4 प्रतिशत थी।
- तारीख नए मामले संक्रमण दर (प्रतिशत में)
- 20 दिसंबर- 91 0.20
- 21 दिसंबर 102 0.20
- 22 दिसंबर 125 0.20
- 23 दिसंबर 118 0.19
- 24 दिसंबर 180 0.29
- 25 दिसंबर 249 0.43
- 26 दिसंबर 290 0.55
- 27 दिसंबर 331 0.68
- 28 दिसंबर 496 0.89
- 29 दिसंबर 923 1.29
- 30 दिसंबर 1313 1.73
- 31 दिसंबर 1,796 2.44
- एक जनवरी 2,716 3.64
- दो जनवरी 3,194 4.59
- तीन जनवरी 4,099 6.46
- चार जनवरी 5481 8.50
- पांच जनवरी 11,665 11.88
स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी बताया कि दिल्ली में अभी 11 जिलों में हालात लगभग एक जैसे हैं लेकिन यहां छह जिलों में स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। उत्तर पश्चिम और दक्षिणी दिल्ली जिले में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर सबसे अधिक पहुंच गई है।
दिल्ली में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले चिंताजनक स्थिति पैदा कर रहे हैं। पिछले एक दिन में करीब आठ माह बाद सर्वाधिक 15,097 नए संक्रमित मिले और छह मरीजों की मौत हो गई। संक्रमण की दर भी 15 फीसदी पार चली गई है। वहीं, लगभग सात महीने बाद सबसे अधिक 98 हजार नमूनों की जांच हुई, जिनमें 15.34 फीसदी नमूने संक्रमित मिले हैं। उधर, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। हालात नियंत्रण में हैं। लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 6900 मरीजों को छुट्टी दी गई और 98,434 जांच की गई। इसी के साथ दिल्ली में अब तक कुल संक्रमित 14,89,463 हो गए हैं। इनमें 14,32,838 ठीक हो गए, जबकि 25,127 मरीजों ने दम तोड़ दिया। फिलहाल, 31,498 रोगी उपचाराधीन हैं। इनमें से 14,937 का उपचार उनके घरों में चल रहा है। अस्पतालों में 1091 मरीजों को भर्ती किया गया है, जिनमें से 87 की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अस्पतालों में कोरोना संक्रमित 24 मरीजों की हालत गंभीर है। इन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। 211 मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने की वजह से ऑक्सीजन थेरेपी दी जा रही है। अस्पतालों के अलावा 460 संक्रमितों को कोविड निगरानी केंद्रों में रखा गया है।
दिल्ली सरकार के अनुसार, अस्पतालों में अभी 11489 बिस्तर खाली हैं, जबकि कोविड निगरानी केंद्रों में 3831 और 157 बिस्तर रिक्त हैं। दिल्ली में रिकॉर्ड टीकाकरण भी चल रहा है। पिछले एक दिन में 1.41 लाख लोगों को वैक्सीन लगी है। अब तक 1.15 करोड़ आबादी दोनों खुराक लेकर टीकाकरण पूरा कर चुकी है।
24 घंटे में 1260 इलाके सील
राजधानी में कोरोना संक्रमण कितनी तेजी से फैल रहा है? इसका एक उदाहरण कंटेनमेंट जोन की बढ़ती संख्या भी है। बीते एक दिन यानी 24 घंटे में 1260 नए इलाकों को सील किया गया है। यहां एक से अधिक कोरोना मरीज मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। अब तक 5168 इलाके सील किए जा चुके हैं। इन इलाकों में सभी प्रकार की छूट पर रोक लगाई गई है, ताकि संक्रमण के प्रसार को काफी हद तक रोक कर रखा जा सके। आवश्यक वस्तुओं को सिविल डिफेंस वॉलंटियर पहुंचा रहे हैं।
कब कितनी मौतें
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल दिसंबर में नौ और नवंबर में सात लोगों की मौत हुई थी। अक्तूबर में चार और सितंबर में पांच लोगों ने दम तोड़ा था।
लोकनायक में 20 कर्मचारी संक्रमित
दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में 20 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। अस्पताल के निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। इनमें 11 डॉक्टर और आठ नर्स शामिल हैं, जबकि अस्पताल का एक सफाई कर्मचारी भी संक्रमित हुआ है। डॉ. सुरेश कुमार ने कहा, ‘यह चिंता का विषय है क्योंकि अगर हमारे डॉक्टर और नर्स ही सुरक्षित हैं, तो हम मरीजों की देखभाल कर पाएंगे। अगर हमारा कार्यबल प्रभावित होता है, तो यह कोविड के खिलाफ हमारी लड़ाई को प्रभावित कर सकता है।’
उन्होंने बताया कि अस्पताल में करीब चार हजार स्वास्थ्य कर्मचारी हैं। लगभग सभी कर्मचारियों को वैक्सीन की दोनों खुराक लग चुकी हैं। हालांकि, अब कई कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। रोजाना मामलों का बढ़ना एक चेतावनी है। पिछली बार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और संक्रमण तेजी से फैल रहा है। दिल्ली में भी पिछले 3-4 दिन से मामले लगातार बढ़े हैं और ये संख्या पिछली बार से दोगुना भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अभी अस्पताल में 11 कोरोना मरीज हैं, जिनमें से चार वेंटिलेटर पर हैं।
पूर्वी दिल्ली के पांच पार्षद संक्रमण की चपेट में
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर के बाद अब पांच पार्षद भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें से एक-दो पार्षद के बुधवार को सदन की बैठक में भी शामिल होने की सूचना है। इस तरह अन्य पार्षदों के भी कोरोना की चपेट में आने की आशंका है। सूत्रों के अनुसार, महापौर के संक्रमित होने के बाद इन पार्षदों ने जांच कराई थी, जिसमें संक्रमित पाए गए। इस तरह माना जा रहा है कि अन्य पार्षद भी संक्रमित हो सकते हैं। क्योंकि, कुछ पार्षद उनके संपर्क में रहे हैं। इसके अलावा गत दिनों के दौरान इन पार्षदों से मिले आम लोगों एवं अधिकारियों के भी संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है।