चुनावी जंग के लिए कांग्रेस ने तैयार की 'सोशल आर्मी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी से पिछले चुनाव में सोशल मीडिया पर पिछड़ी कांग्रेस ने सोशल मीडिया सैनिक तैयार कर लिए हैं।
जो न सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस के अकाउंट पर विरोधी पार्टी के लिए तीर छोड़ेंगे बल्कि 70 विधानसभा में लोकल इश्यू पर भी भाजपा और ‘आप’ से सोशल जंग करेंगे। विस भंग हो गई है, चुनाव घोषित बेशक नहीं हुआ लेकिन पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इसके लिए 10 वॉलंटियर्स की टीम ने तीन दर्जन अखबार, मीडिया चैनल, विरोधी दलों के सोशल मीडिया अकाउंट की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। वॉलंटियर्स बढ़ाने और प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया से जुड़ने के लिए जल्द ही वर्कशॉप करने की योजना भी प्रदेश कांग्रेस ने तैयार की है।
मात नहीं खाना चाहती कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछले चुनाव में सोशल मीडिया में पिछड़े थे, इस बार यहां मात नहीं खाना चाहते। भाजपा मिस्ड कॉल देकर सदस्य बना रही है तो कांग्रेस ने वाट्सऐप नंबर पर मिस्ड कॉल से कार्यकर्ताओं को जोड़ना शुरू कर दिया है।
वहीं, प्रत्येक विधानसभा में वोटर्स और कार्यकर्ताओं की शिकायत सुनने के लिए 24 घंटे का हेल्पलाइन नंबर शुरू करने की तैयारी की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने गांधी नगर विस से हेल्पलाइन नंबर का पॉयलट प्रोजेक्ट शुरू भी कर दिया है। प्रदेश मुख्यालय पर इसका सेटअप बनाया गया है।
प्रदेश कांग्रेस की सोशल मीडिया सेल की चेयरमैन राधिका खेड़ा कहती हैं कि अपनी पार्टी के बड़े लीडर्स, विरोधी पार्टी के बड़े लीडर्स, उन पार्टियों के सोशल अकाउंट की मॉनिटरिंग करके उस पर रिटर्न प्रतिक्रिया भी प्रदेश अध्यक्ष या पार्टी स्तर से दी जाती है।
कार्यकर्ताओं तक पहुंचेगा मैसेज
वहीं यह भी तय किया जाता है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं तक मैसेज पहुंच जाए। प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह के ट्विटर पर 16,500 फॉलोअर्स हैं तो फेसबुक पेज पर 31,240 फॉलोअर्स हैं।
प्रदेश कांग्रेस के फेसबुक पेज पर करीब 26 हजार फॉलोअर्स हैं। ये दोनो अकाउंट वेरिफाइड हैं और हर विधानसभा का भी फेसबुक पेज बनाया है जिसे वेरीफाइड कराया जा रहा है।
राधिका खेड़ा बनी सोशल मीडिया सेल की चेयरमैन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने युवा कांग्रेस की पदाधिकारी राधिका खेड़ा को आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया सेल का चेयरमैन नियुक्त किया है। राधिका खेड़ा 2013 के विस चुनाव और 2014 के लोस चुनाव में भी युवा कांग्रेस की तरफ से सोशल मीडिया का काम देख रही थीं।