दिल्ली सीएम केजरीवाल का बयान 'साइको' हैं मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय फ्लोर पर प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के दफ्तर में सीबीआई के छापे को लेकर अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला किया है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके सीबीआई के छापे की जानकारी दी तो धीरे-धीरे ट्वीट तीखे होते चले गए।
पहले कहा कि जब मोदी राजनीतिक तौर पर मेरा सामना नहीं कर सके तब वह कायराना हरकत पर उतर आए। इसके बाद फिर एक ट्वीट में कहा कि मोदी एक कायर और साइकोपैथ (मनोरोगी) हैं।
सीबीआई ने मंगलवार सुबह दिल्ली सचिवालय, राजेंद्र कुमार के निवास-न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के सी-52ए समेत दिल्ली-यूपी में 14 जगह ताबड़तोड़ छापे मारे। छापे को लेकर सीबीआई ने सफाई दी कि मुख्यमंत्री दफ्तर पर नहीं प्रधान सचिव के दफ्तर पर छापा मारा है।
मोदी बताएं कि उन्हें कौन सी फाइलें चाहिए?
इस पर केजरीवाल ने तुरंत कहा कि सीबीआई झूठ बोल रही है। मेरे दफ्तर पर छापा मारा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की फाइलें देखी जा रही हैं। मोदी बताएं कि उन्हें कौन सी फाइलें चाहिए? राजेंद्र के बहाने मेरे दफ्तर की सारी फाइलें देखी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ईमानदारी का हवाला देकर बताया कि मैं अकेला मुख्यमंत्री हूं जिसने भ्रष्टाचार के आरोप में अपने मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी को बर्खास्त करके सीबीआई को केस सौंपा। सीबीआई के पास अगर राजेंद्र कुमार के खिलाफ कोई सबूत था तो फिर मुझसे क्यों नहीं शेयर किया? मैं खुद उसके खिलाफ कार्रवाई करता।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने संसद में बयान दिया तो केजरीवाल ने वित्त मंत्री को झूठा करार दिया। ट्वीट पर लिखा कि मेरे खुद के ऑफिस में फाइलें देखकर सबूत खोजा जा रहा है।
केजरीवाल ने लिखा, ममता दी, यह अघोषित आपातकाल है
राजेंद्र तो बहाना है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यालय सील करना अभूतपूर्व है। मैं अचंभित हूं। इसके जवाब में केजरीवाल ने लिखा, ममता दी, यह अघोषित आपातकाल है।
केजरीवाल ने आगे लिखा, मेरा सवाल है कि अगर राजेंद्र मेरे सचिव न होते तो क्या सीबीआई रेड करती। नहीं। तब कौन निशाना है, राजेंद्र या मैं। फिर करीब दो बजे केजरीवाल ने कहा, 2002 में शीला दीक्षित के भ्रष्टाचार के मामले में 2015 में केजरीवाल पर सीबीआई रेड।
वाह मोदी जी। इस बीच दिल्ली सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी के बड़े नेता केन्द्र सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर जुटे रहे।
केजरीवाल प्रधानमंत्री मोदी से मांगें माफी : भाजपा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा प्रयोग करने पर प्रदेश भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लिया है। भाजपा ने कहा है कि केजरीवाल अगर प्रधानमंत्री से माफी नहीं मांगते तो भाजपा सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगी। भाजपा बुधवार से दिल्ली में 48 घंटे तक केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार व उसको संरक्षण के खिलाफ जनता के बीच जाकर पोल-खोल अभियान चलाएगी।
इतना ही नहीं प्रदेश महामंत्री व सांसद रमेश बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि वह देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए मर्यादापूर्ण शब्दों का प्रयोग करें। जनता अब प्रधानमंत्री के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। विधायक ओम प्रकाश शर्मा, जगदीश प्रधान, प्रदेश महामंत्री आशीष सूद, रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी की सरकार की पोल खोलेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली सचिवालय भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वाला किला बना हुआ है। सीबीआई के छापे से साफ हो गया है कि ईमानदारी का उपदेश देने वाले केजरीवाल में कोई नैतिक मूल्य नहीं बचा है। ईमानदारी का मुखौटा भी उतर गया है।
विधानसभा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा है कि केजरीवाल अन्य राजनीतिक दलों को ईमानदारी का उपदेश देते हैं पर लालू यादव, कांग्रेस नेता, जितेंद्र सिंह तोमर, आसिम अहमद खान जैसे उनके राजनीतिक मित्र हैं तो भ्रष्टाचार में लिप्त राजेंद्र कुमार, चेतन सांघी, संजय प्रताप सिंह आदि को संरक्षण दे रहे हैं। आप विधायक एसके बग्गा भी मुख्यमंत्री के नाम पर उगाही करते हुए पाए गए हैं। उन्होंने आश्चर्य जताकर सवाल किया कि आखिर क्यों वह राजेंद्र कुमार और चेतन सांघी जैसे कलंकित अधिकारियों को बचाना चाहते हैं?