दिल्ली बीजेपी बनी हर्षवर्धन बनाम विजय गोयल
प्रदेश भाजपा नेतृत्व बदला तो अब संगठन में भी कई बदलाव के संकेत मिल हैं। कई प्रदेश पदाधिकारियों पर गाज गिरनी तय है। नए प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन प्रदेश की तरफ से वर्तमान टीम में फेरबदल कर नई टीम के साथ लोकसभा चुनाव अभियान में जुटने की चर्चा गर्म है।
प्रदेश भाजपा नेतृत्व इन दिनों नई टीम को लेकर गुणा-भाग में जुटा है। प्रदेश संगठन के साथ ही बदलाव की बयार जिला स्तर तक चलेगी, जिसमें कई जिलाध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं।
भाजपा सूत्रों की माने तो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल की टीम में शामिल दो महामंत्रियों की संगठन से विदाई तय है। इसी तरह चार उपाध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। साथ ही प्रदेश के कई मंत्री, कार्यालय मंत्री, मीडिया प्रभारी और कोषाध्यक्ष भी बदले जाएंगे।
चुनावों के नाम पर गोयल टीम पर वार
जिला स्तर पर भी 14 में से 4 जिलों के जिलाध्यक्ष बदले जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार मोर्चा और प्रकोष्ठ में भी नेतृत्व परिवर्तन संभव है। ऐसे में मोर्चा की टीम भी बदल जाएगी।
तर्क दिया जा रहा है कि जब विजय गोयल अध्यक्ष बने थे तब भी पुरानी टीम बदली गई थी। नई टीम की संभावना को लेकर दिल्ली भाजपा के पदाधिकारी चिंतित हैं। उनका कहना है कि दो महीने बाद लोकसभा चुनाव है। ऐसे में कोई भी फेरबदल पार्टी के लिए बेहतर नहीं होगा। कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जाएगा।
प्रदेश टीम में फेरबदल के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन ने भी इंकार नहीं किया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सभी कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे।
पदाधिकारियों के साथ हर्षवर्धन की बैठक आज
अगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन संगठन के पदाधिकारी और कार्यकारिणी के साथ सोमवार को पहली बैठक करेंगे।
इसमें लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। यह संभव है कि प्रदेश कार्यकारिणी की अगली बैठक में प्रदेश के कई पदाधिकारी बदल जाएं।