Delhi Air Quality: वायु गुणवत्ता सूचकांक 161 दर्ज किया गया, कल हवा के बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने के आसार
शुक्रवार को हवा उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर से चलेगी। इस दौरान हवा की गति 14 से 8 किलोमीटर प्रतिघंटे रहने का अनुमान है।
विस्तार
राजधानी में हवा की दिशा बदलने से प्रदूषण मध्यम श्रेणी में बरकरार है। गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 161 दर्ज किया गया जोकि मध्यम श्रेणी है। सुबह आसमान साफ रहा। दिन में अच्छी धूप खिली। साथ ही, तेज हवा चली। हालांकि, एनसीआर में दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को प्रदूषण बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने के आसार हैं।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, गुरुवार को औसत 14 से 16 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा दक्षिण-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चली। कुछ समय तो हवा की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे रही। शुक्रवार को हवा उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर से चलेगी। इस दौरान हवा की गति 14 से 8 किलोमीटर प्रतिघंटे रहने का अनुमान है। शनिवार को हवा उत्तर से उत्तर-पूर्व दिशा से चल सकती है।
गाजियाबाद की हवा रही सबसे कम प्रदूषित
सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में गाजियाबाद का सबसे कम वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 114 रहा, यह मध्यम श्रेणी है। फरीदाबाद में 147, ग्रेटर नोएडा में 149, गुरुग्राम में 138 व नोएडा में 127 एक्यूआई दर्ज किया गया।