Delhi Air Pollution: दिवाली तक न बारिश आएगी, न प्रदूषण जाएगा
अगले 15 दिनों तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं, हवा का बहाव बने रहने से प्रदूषण से कुछ निजात मिलने की उम्मीद...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पराली जलाने की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। दिल्ली की हवा में पराली के प्रदूषण की मात्रा 40 फीसदी तक पहुंच चुकी है। लेकिन इस दिवाली तक प्रदूषण से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं, क्योंकि इस दौरान बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा, धूप खिली रहेगी। हालांकि, इस दौरान हवा का बहाव 7-13 किमी/घंटा बने रहने से प्रदूषण से कुछ छुटकारा मिलने की संभावना जताई जा रही है।
बारिश के कोई आसार नहीं
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस दिवाली यानी 14 नवंबर तक बारिश होने के कोई आसार नहीं हैं। इस दौरान आकाश पूरी तरह साफ बना रहेगा और धूप खिली रहेगी। वर्षा न होने के कारण प्रदूषण के विशेष कणों, पीएम 2.5 और पीएम 10 के वर्षा जल के साथ जमीन पर आ जाने की कोई संभावना नहीं है। इस प्रकार प्रदूषण से निबटने में वर्षा का कोई सहयोग नहीं मिलने वाला है।
हवा का बहाव
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार न्यूनतम 7 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिकतम 13 किलोमीटर प्रति घंटा तक बना रहेगा। 3 नवंबर को 11 किमी/घंटा से शुरुआत होकर इसके अगले दिनों में यह क्रमानुसार 12 किमी/घंटा, 10 किमी/घंटा, 11 किमी/घंटा और शनिवार सात नवंबर को 13 किमी/घंटा तक रह सकता है। प्रदूषण के प्रमुख तत्वों को बहा ले जाने के लिए हवा की गति जितनी अधिक होती है, उतना ही बेहतर माना जाता है। इस दृष्टि से हवा का बहाव बने रहने से प्रदूषण को कम रखने में मदद मिलेगी।
दिन में हल्की गर्मी तो रातें रहेंगी ठंडी
अक्टूबर के महीने में तापमान लगातार कम होने का रिकॉर्ड बना हुआ है। लंबे समय के बाद अक्टूबर माह में ही इतनी ठंड देखी जा रही है। अगले लगभग 15 दिनों तक दिन के समय हल्की गर्मी और रात के समय ठंड बने रहने के अनुमान हैं। इस दौरान दिन का तापमान 31 डिग्री से 28 डिग्री तक बने रहने के अनुमान हैं, जबकि रात के समय तापमान गिरकर 12-14 डिग्री के बीच बने रहने के अनुमान हैं।
कितना है प्रदूषण स्तर
इस समय दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण काफी गंभीर स्थिति में पहुंच चुका है। सोमवार शाम को दिल्ली के आनंद पर्वत में (एक्यूआई 393), सिविल लाइन (एक्यूआई 303), ईस्ट पटेल नगर (एक्यूआई 305), द्वारका (एक्यूआई 3012-393तक) और हौजखास (एक्यूआई 328) में प्रदूषण बेहद गंभीर स्थिति में रहा। जबकि कनॉट प्लेस, नारायणा और दिल्ली कैंट जैसे इलाके अपेक्षाकृत कम प्रदूषित रहे।