DDA हर साल लॉन्च करेगा 20 हजार हाउसिंग स्कीम, 5 साल में बनेंगे एक लाख फ्लैट्स
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास योजना को रफ्तार देने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) अगले पांच सालों में करीब एक लाख फ्लैट तैयार करेगा। इसकी शुरुआत अगले साल से होगी। डीडीए हर साल बीस हजार फ्लैट की आवासीय स्कीम लॉन्च करेगा। डीडीए उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
Delhi: Union Minister M. Venkaiah Naidu launches DDA Housing Scheme 2017 pic.twitter.com/ZYmYlGtezC
— ANI (@ANI_news) June 30, 2017विज्ञापन
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में आवासीय सुविधायें मुहैया कराने में डीडीए अहम एजेंसी है। डीडीए ने अभी तक 45 आवासीय योजना लांच कर चुका है। 12000 फ्लैट वाली शुक्रवार की योजना 46वीं है। इसके जरिये 4.25 लाख फ्लैट बनाये गये हैं। वहीं, डीडीए की करीब 1100 सोसाइटी भी हैं। इससे कुल मिलाकर दिल्ली में डीडीए ने आठ लाख से ज्यादा मकान बनाये हैं।
उदय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डीडीए हर साल बीस हजार फ्लैट की आवासीय योजना लांच करेगा। यह प्रक्रिया 2022 तक जारी रहेगी। इससे पांच साल में करीब एक लाख फ्लैट बनेंगे। उन्होंने बताया कि आगामी योजनाओं के सभी फ्लैट नये होंगे। इसमें ज्यादा जोर निम्र व मध्यम आय वर्ग के लोगों को आवास दिलाने पर होगा।
जीएसटी व रेरा के तालमेल से होगा आम लोगों को फायदा
केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने बताया कि दो काननों से रियल एस्टेट सेक्टर को बड़ा फायदा होने जा रहा है। इसमें से एक रियल एस्टेट कानून है। जबकि दूसरा शुक्रवार मध्य रात्रि से लागू हो रहा जीएसटी कानून है। दोनों कानूनों को सीधा फायदा बायर्स को मिलेगा। रेरा से मकान मिलने की शर्तें बिल्डर तोड़ नहीं सकेगा। तयशुदा समय में उसे मकान देना होगा। वहीं, जीएसटी से मकान की कीमत नीचे आयेंगी।
वेंकैया नायडू ने बताया कि डीडीए की नई आवासीय योजना में पांच साल का लॉक इन पीरिएड हटा लिया गया है। वहीं, सारे फ्लैट फ्री होल्ड हैं। इससे आवंटी अपना फ्लैट दुबारा बेच सकेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों प्रावधानों से ज्यादा से ज्यादा लोग डीडीए की आवासीय योजना में हिस्सा लेने के लिये आगे आयेंगे।