बॉटलिंग प्लांट बंद, छूटी नौकरी- यह सुनते ही किसी की मां, तो किसी के पिता की मौत, सदमे में कई परिवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोका कोला कंपनी ने धौलाना के बॉटलिंग प्लांट को मून बेवरेज को सौंप दिया है। इससे वहां काम करने वाले कर्मचारियों पर रोजी-रोटी की आफत आन पड़ी है। इस सदमे से कंपनी के कर्मचारी उबर नहीं पा रहे हैं। मंगलवार को हापुड़ निवासी दो कर्मचारियों को खबर मिली कि उनकी नौकरी चली गई है। यह सुनते ही दोनों के परिजनों को ऐसा सदमा लगा कि एक कर्मचारी की मां व एक के पिता की मौत हो गई।
वहीं कंपनी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे एक कर्मचारी को भी हार्ट अटैक आ गया। इस दौरान आनन-फानन में उसे गाजियाबाद स्थित गणेश हास्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कर्मचारियों की नौकरी जाने का कहर अब उनके परिजनों पर भी टूटने लगा है। कर्मचारी कंपनी के खिलाफ लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
बताया गया कि मंगलवार को कंपनी में कार्यरत स्थाई कर्मचारी खिचरा निवासी जुल्फिकार की मां तौफीकन को परिजनों ने बेटे की नौकरी छूटने की जानकारी दी। इतनी बात सुनते ही ऑपरेटर जुल्फिकार की मां की मौत हो गई। अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं कंपनी में काम करने वाले स्थाई कर्मचारी जितेंद्र सिंह निवासी बासतपुर के पिता इंद्रजीत सिंह को भी जब उनके बेटे की नौकरी जाने की जानकारी मिली तो सदमे में उनकी भी मौत हो गई। जितेंद्र ने बताया कि उसके पिता गांव में ही अपने घर में रहते थे। सुबह घर जाने के दौरान रास्ते में उन्हें किसी ने बेटे की नौकरी छूट जाने की बात बताई।
बताया कि इसके बाद उसके पिता की हालत बिगड़ गई। घर आने के कुछ देर बाद ही हृदयाघात के चलते उनकी मौत हो गई। इधर फरीदाबाद निवासी ललित भारद्वाज की मां भी अपने बेटे के रोजगार छिन जाने पर हार्ट अटैक का शिकार हो गईं। वह फरीदाबाद स्थित एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं।
कर्मचारी को हृदयाघात आने पर मचा हड़कंप
धरना-प्रदर्शन के दौरान सुबह हसनपुर निवासी कर्मचारी टेकचंद शर्मा को हार्ट अटैक आ गया। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। साथी कर्मचारियों ने आनन-फानन में उसे गाजियाबाद स्थित गणेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां अभी भी उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।