दलित महिला ने दबंगों पर लगाया बदसलूकी का आरोप
तावड़ू के गांव रंगाला की एक दलित महिला ने राजस्थान सीमा के साथ लगे गांव सातलाका के कुछ दबंग लोगों पर उनके परिवार के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने व जाति सूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव रंगाला निवासी पीड़ित विधवा प्रेमवती पत्नी चंदगीराम जाति हरिजन ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। सरकार की ओर से वर्ष 1991-92 में उसे 100 वर्ग गज का रिहायशी प्लॉट आवंटित किया गया था। इसकी रजिस्ट्री उसके नाम पंजीकृत है।
मकान का है विवाद
गौरतलब है कि वह अपने प्लॉट पर मकान बनाने का कार्य करवा रही थी। उसके मकान का कार्य छत तक हो चुका था। गत 12 अक्तूबर को दबंग लोगों ने तोड़फोड़ कर उनकी दीवारों को ढहा दिया।
पीड़ित महिला का आरोप है कि दबंग लोगों ने उसकी पुत्रवधू के साथ बदसलूकी की है और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि दबंग लोगों ने उसकी चिनाई भी बंद करवा दी है और वह प्लॉट को जबरन कब्जाना चाहते हैं।
पीड़ित महिला ने पुलिस से अपनी सुरक्षा व जानमाल की गुहार भी लगाई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रामपत, प्रकाश सतीश, संतुराम, पप्पी, जिले व पवन निवासी गांव सातलाका राजस्थान के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।