बिजनेसमैन के ऑफिस में घुसे बदमाश, मेज पर पिस्टल रखी और... CCTV में सब कैद
टेबल पर पिस्टल रखकर कारोबारी से मांगी रंगदारी
10 लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी, एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीमापुरी इलाके में तीन बदमाश भाइयों ने टेबल पर पिस्टल रखकर कारोबारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। वारदात कारोबारी के दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू खान को गिरफ्तार कर लिया है। सोनू गाजियाबाद इलाके का बीसी (घोषित बदमाश) बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके साथियों की तलाश कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक राजा खान परिवार के साथ एफ-83/एस-1 दिलशाद कॉलोनी, में रहते हैं। इनका जी-6/एफ-1 में इंटीरियर डोकोरेटर का कारोबार है। इनके पास बड़ी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं।
कर्मचारियों के रहने के लिए राजा ने सीमापुरी इलाके में एक मकान खरीदा हुआ है। राजा खान का आरोप है कि पिछले तीन माह से शहीद नगर के कुछ बदमाश उनसे 10 लाख रुपये मांग रहे थे।
रुपये नहीं देने पर आरोपी उसकी हत्या कर सीमापुरी के मकान पर कब्जा करने की धमकी दे रहे थे। लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल की जा रही थी। राजा के मुताबिक सात अप्रैल 2017 को आरोपी सीमापुरी स्थित घर पर पहुंचा और उसने राजा को जान से मारने की धमकी दी।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, लेकिन राजा ने पुलिस से शिकायत नहीं की। इधर आरोपी लगातार कॉल करता रहा। 23 मई को आरोपी गुड्डू खान, इलियास खान व सोनू खान दिलशाद कॉलोनी वाले दफ्तर पर पहुंचे।
वहां आरोपियों ने पिस्टल निकालकर राजा की टेबल पर रख दी और फौरन रुपयों की मांग करने लगे। किसी तरह राजा ने तीनों को भेजा और मामले की सूचना पुलिस को दी। यह वारदात भी सीसीटीवी में कैद हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान तीनों बदमाशों की पहचान कर ली गई। पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी दोनों भाइयों की तलाश की जा रही है। सोनू के खिलाफ गाजियाबाद में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।