युवती ने किराये पर लिया कमरा फिर बुजुर्ग को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो और...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
युवती ने किराये पर कमरा लेने के नाम पर 68 वर्षीय बुजुर्ग को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग की। बुजुर्ग को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर अश्लील वीडियो तैयार कर ली। युवती वीडियो परिजन को दिखाने और सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांग रही थी।
पुलिस ने बुजुर्ग से युवती को रुपये दिलाने का झांसा दिलाकर नोएडा के सेक्टर-18 बाजार में बुलाकर गिरफ्तार करा दिया। युवती की पहचान मूलरूप से कानपुर निवासी जोया के रूप में हुई है। वह फिलहाल दिल्ली में रहती है। सूत्रों के मुताबिक बुजुर्ग रिटायर्ड प्रथम श्रेणी सरकारी अधिकारी है। वहीं पुलिस उसे निजी कंपनी से सेवानिवृत्त अधिकारी बता रही है।
कासना कोतवाली पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के एक पॉश सोसायटी निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग ने जोया नामक युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अुनसार मार्च मे जोया ने बुजुर्ग को फोन कर किराये पर कमरा दिलाने में मदद मांगी।
जिसके बाद युवती अक्सर बुजुर्ग को कॉल करती और व्हाट्स एप पर चैट करती। बुजुर्ग ने एक दो कमरे युवती को दिखाए जो उसे पसंद नहीं आए। इसी दौरान एक दिन युवती ने बुजुर्ग से अकेले कमरे में मुलाकात की। बुजुर्ग का आरोप है कि उसी दौरान नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर युवती ने अश्लील वीडियो तैयार कर ली। जिसके बाद ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये की मांग करने लगी।
नंबर चुराकर दी वीडियो भेजने की धमकी
जोया ने नशीली कोल्डड्रिंक पिलाने के बाद बुजुर्ग के मोबाइल के सारे कांटैक्ट अपने फोन में सेव कर लिए थे। इसके बाद युवती ने बुजुर्ग का वीडियो व्हाट्स ऐप पर भेजा और कहा कि उसके परिवार व रिश्तेदारों के सारे नंबर उसके पास हैं। वह यह कहकर ब्लैकमेलिंग करने लगी कि इस वीडियो को रिश्तेदारों के नंबर पर भी भेज सकती है साथ ही सोशल मीडिया में वायरल कर सकती है।
बुलाए गए दिन व जगह पर नहीं पहुंची
रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने बुजुर्ग से रुपये देने का झांसा देकर युवती को बुलाने के लिए कहा। बुधवार को युवती को ग्रेटर नोएडा बुलाया गया लेकिन उसने अपनी बताई जगह आने की बात कही। बृहस्पतिवार को युवती ने नोएडा सेक्टर-18 मार्केट में आने के लिए कहा। जैसे ही युवती बुजुर्ग से रुपये लेने लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह में शामिल होने की जांच जारी
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले किसी बड़े गिरोह की सदस्य तो नहीं है। युवती की कॉल डिटेल रिपोर्ट खंगाली जा रही है। साथ ही यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि युवती किसी और बुजुर्ग या अन्य व्यक्ति को पहले ब्लैकमेल तो नहीं कर चुकी है। कासना कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मोबाइल से युवती के व्हाट्स एप पर चैटिंग की डिटेल मिली है। युवती की सीडीआर खंगाली जाएगी। जिससे अगर कोई और आरोपी या पीड़ित हो तो उसका भी खुलासा किया जाएगा।