पूरे परिवार को बंधक बनाकर युवती से गैंगरेप, छोटी बहन से भी छेड़छाड़
भूपानी थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर स्थित फार्म हाउस में किसान के परिवार को मंगलवार रात दस-बारह डकैतों ने बंधक बना कर लूट लिया। दो डकैतों ने परिवार की एक लड़की के साथ दुष्कर्म किया और छोटी बहन के साथ शारीरिक छेड़छाड़ भी की।
डकैत पंद्रह हजार रुपये, महिलाओं के गहनों के साथ घर के बाहर बंधी भैंस-कटड़ा भी ले गए। घटना की जानकारी होने पर डीसीपी सेंट्रल, क्राइम ब्रांच की टीमों सहित संबंधित थाना चौकी के पुलिसकमियों ने मौके पर पहुंच कर तफ्तीश की।
गांव के एक व्यक्ति का गांव के बाहर ही फार्म हाउस है। उसने फार्म हाउस बिजनौर के एक किसान परिवार को बटाई पर दे रखा है। फार्म हाउस के बीच बने घर में बटाईदार पत्नी, तीन बेटी और एक बेटे के साथ रहता है। पीड़ित के अनुसार रात में वह, पत्नी और बेटा घर के बाहर सो रहे थे जबकि बेटियां घर की छत पर बने कमरे में।
किसान की बेटी से बारी-बारी से दुष्कर्म
रात करीब एक बजे दस बारह हथियार बंद लोग फार्म हाउस में घुस आए। एक ने उसके सिर पर कट्टा अड़ा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने कहा कि उनके एक साथी को गोली लगी है और वह यहीं छिपा है।
किसान को पीटते हुए बोले कि छिपे हुए साथी को ढूंढने के लिए घर की तलाशी दो। इसके बाद बदमाश तीनों को छत पर बने कमरे में ले गए। यहां दंपति और बेटे-बेटियों के हाथ पैर उनके दुपट्टों और कपड़ों से बांध दिए, मोबाइल छीन लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
मुंह ढके दो बदमाश किसान की एक लड़की को पकड़कर पीछे खेत में ले गए और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस दौरान डकैतों ने बंधक बने परिवार वालों के सामने ही कमरे में रखा बक्सा आदि खोल कर उसमें रखे करीब पंद्रह हजार रुपये, महिलाओं के सोने चांदी के जेवर निकाल लिए।
किसान की दूसरी बेटी के साथ शारीरिक छेड़छाड़
यहां बदमाशों ने किसान की दूसरी बेटी के साथ शारीरिक छेड़छाड़ की। करीब डेढ़ घंटे तक तांडव मचाने के बाद डकैत कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर जेवर, नगदी और नीचे बंधी भैंस-कटड़ा लेकर फरार हो गए।
डरे सहमे परिवार वाले डकैतों के डर से कमरे से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। किसान ने किसी तरह हाथ खोल कर बाहर निकलने के लिए कमरे की पिछली खिड़की का जंगला तोड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान बाहर छोड़ी गई दुष्कर्म पीड़िता ने आकर दरवाजा खोला। आजाद होने के बाद किसान ने फार्म हाउस मालिक के घर जाकर घटना की जानकारी दी।
घटना से पहले बदमाशों ने की थी रेकी
मालिक ने भूपानी थाने को घटना की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक घटना का खुलासा करने के लिए सीआईए, साइबर सेल और भूपानी थाने की टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
आशंका जताई जा रही है कि डकैतों ने घटना को अंजाम देने से पहले फार्म हाउस की रेकी की थी। किसान के मुताबिक सोमवार दोपहर एक पिकप जैसा वाहन फार्म हाउस के मुख्य दरवाजे पर रुका।
उसमें से दो युवक अंदर आए और उन्होंने इंजन गर्म होने की बात कहते हुए किसान से पानी मांगा। किसान ने घर के बगल में बने टैंक से पानी लेने को कहा। पानी लेते समय दोनों ने घर को अच्छी तरह देखा था।
पीड़ित के मुताबिक डकैतों की संख्या दस बारह होगी
पीड़ित के मुताबिक डकैतों की संख्या दस बारह होगी। सारे डकैत घर में लगातार ऊपर नीचे और इधर उधर जा रहे थे। एक जाता तो दूसरा कमरे में आकर बंधकों की निगरानी शुरू कर देता। सिर्फ दो युवा डकैतों ने चेहरे ढंके हुए थे।
यही दो डकैत पीड़ित की बेटी को ले गए थे और उसके साथ दुष्कर्म किया। डकैत पैंट, जींस, शर्ट, टीशर्ट पहने हुए थे। कुछ क्लीन शेव थे तो कुछ की दाढ़ी बढ़ी हुई थी। पीड़ित के मुताबिक डकैत स्थानीय बोली का इस्तेमाल कर रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक डकैत पशु चोर गैंग से भी जुड़े हो सकते हैं क्योंकि वह पिकअप जैसा वाहन लेकर आए थे और जाते जाते भैंस-कटड़ा भी ले गए। सभी जानते हैं कि फार्म हाउस पर काम करने वाले परिवार के पास डकैती लायक संपत्ति नहीं होती।