बुजुर्ग के सामने पस्त हुए बदमाश, खिलौने की पिस्टल और चाकू छोड़कर लगाई दौड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजेंद्र नगर इलाके में एक बुजुर्ग की हिम्मत के आगे बदमाशों के हौसले पस्त हो गए। बदमाश बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन बुजुर्ग किसी बहाने से घर से बाहर निकले और शोर मचा दिया।
शोर सुनकर बदमाश घर में खिलौने वाली पिस्टल और चाकू छोड़कर फरार हो गए। खास बात यह है कि बुजुर्ग ने अपनी बहन के दामाद पर ही आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अनित कुमार लुगानी (63) पत्नी जसबीर के साथ न्यू राजेंद्र नगर इलाके में रहते हैं। मस्कट(ओमान) के एक कंपनी में सुप्रीटेंडेंट के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद अनित 1 जुलाई को दिल्ली आए थे।
परिवार में उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। यहां दंपति अकेले रहते हैं। शुक्रवार तड़के चार बजे अनित मेडिटेशन कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने कॉलबेल बजाई। अनित की पत्नी ने दरवाजा खोला।
बाथरूम में जाने के बहाने बाहर निकलकर मचाया शोर
दरवाजे पर अनित की बहन का दामाद विक्की अपने दोस्त के साथ खड़ा था। विक्की ने बताया कि वह उत्तराखंड के बागेश्वर से दिल्ली आया है। जसवीर ने उन्हें चाय बनाकर दिया, लेकिन अचानक विक्की ने पिस्टल और उसके दोस्त ने चाकू निकालकर दंपति को कब्जे में कर लिया।
अनित ने खुद को शुगर का मरीज बताते हुए उनसे बाथरूम जाने की बात कही। काफी देर तक जब अनित बाथरूम से नहीं निकला तो विक्की बाथरूम के पास पहुंचा और पत्नी की हत्या की धमकी देकर उसे बाहर निकलने के लिए कहा।
इस दौरान अनित बाथरूम से बेडरूम के रास्ते घर से बाहर निकल गया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर विक्की व उसका सहयोगी बैग और हथियार छोड़कर वहां से फरार हो गए। बुजुर्ग ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया। जिला पुलिस उपायुक्त परमादित्य ने बताया कि मौके से खिलौने वाली पिस्टल और चाकू मिले हैं। फिलहाल विक्की और उसके सहयोगी की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पता लग पाएगा कि दोनों किस मकसद ने बुजुर्ग के घर आए थे।