दो दिन से था लापता, गाजियाबाद में पेड़ से लटका मिला दिल्ली का युवक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शनिवार दोपहर एसआरएम इंस्टीट्यूट के पीछे स्थित जंगल में दिल्ली की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने की संभावना जताई जा रही है।
निवाड़ी पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। बताया जाता है कि सुपरवाइजर दो दिन से कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक की कार लेकर लापता था। इसकी रिपोर्ट दिल्ली में दर्ज कराई गई है। पुलिस पूछताछ कर जांच में जुटी है।
मृतक सोमेश (30) पुत्र तेजपाल सिंह मूलरूप से गंगानगर मेरठ का रहने वाला था। वर्तमान में मोदीनगर कोतवाली अंतर्गत संजयपुरी बेगमाबाद में पत्नी, बच्चों के साथ रहता था।
पेड़ पर सोमेश का शव लटका मिला
दिल्ली मानसरोवर स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में सुपरवाइजर था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एसआरएम इंस्टीट्यूट के पीछे नीम के पेड़ पर सोमेश का शव लटका मिला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी। ऑटो पार्ट्स रिपेयर की मिली पर्ची के आधार पर एसओ निवाड़ी आरती सोनी ने दिल्ली फोन किया जिस पर कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक संजीव गुप्ता ने बताया कि सोमेश उनकी कंपनी में सुपरवाइजर था, और दो दिन से वह उनकी लग्जरी कार लेकर लापता है।
जिसकी रिपोर्ट उन्होंने दिल्ली के मानसरोवर थाने में दर्ज कराई है। मृतक की जेब से कार की चाबी मिली और कार भी घटना स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर हाईवे पर खड़ी मिल गई है।
रोडरेज में सोमेश की हत्या की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक की गर्दन पर गहरा निशान था। इसके चलते हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने की संभावना है। हालांकि सीओ राजेश सिंह का कहना है कि मौके पर किसी ओर के होने का सुराग नहीं मिला है।
पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने सुसाइड किया है या उसकी हत्या की गई है।
बरामद कार लेफ्ट से क्षतिग्रस्त है। प्रतीत होता है कि कहीं कार का एक्सीडेंट हुआ था। संभावना है कि एक्सीडेंट के बाद रोडरेज में सोमेश की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया हो। मामले में एसओ का कहना है कि सभी बिंदुओं पर बारीकी से छानबीन चल रही है।