भतीजी का कमरे में गला दबाया, तो ट्रैक पर मिली चाचा की लाश, जानें क्या है पूरा मामला?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंद्रपुरी इलाके में एक कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा व सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे उसके चाचा की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी है। छात्रा की कमरे में गला दबाकर हत्या की गई है वहीं, चाचा का शव सराय रोहिल्ला इलाके में रेलवे ट्रैक पर मिला है।
मौके से मिले साक्ष्य के आधार पर पुलिस को आशंका है कि चाचा ने भतीजी की हत्या करने के बाद खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलूओं पर जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा की पहचान गांव भारतीया अमरोहा उत्तर प्रदेश निवासी मेहरूलनिशा जबकि चाचा की शिनाख्त मेहंदी हसन के रूप में हुई है। मेहरूलनिशा अपने चाचा के साथ इंद्रपुरी स्थित डीडीए फ्लैट में रहती थी। वह जानकी देवी कॉलेज से स्नातक कर रही थी। वहीं मेहंदी हसन सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा था।
बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ी थी भतीजी
मेहंदी हसन का एक भाई दानिश सपरिवार सीमापुरी इलाके में रहता है। गत 4 अप्रैल की शाम सराय रोहिल्ला रेलवे थाने से दानिश को सूचना मिली कि उसके भाई का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है।
रेलवे थाना पुलिस ने जांच के बाद बताया कि मेहंदी हसन ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दी है। मेहंदी के पास से मिली कमरे के चाबी को लेकर दानिश रात दस बजे इंद्रपुरी स्थित उसके कमरे पर पहुंचा। दरवाजे पर ताला लगा था।
ताला खोलकर दानिश व उसका दोस्त भूपेंद्र कमरे में गये। बिस्तर पर उसकी भतीजी अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसके गर्दन के दोनों तरफ खरोंच के निशान थे और बीच में गला घोंटने के निशान दिखे।
मेहंदी हसन अपने भाई के दिए खर्च पर परीक्षा की तैयारी कर रहा था
उसने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। इंद्रपुरी थाना पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्य के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ की।
पूछताछ में पता चला कि मेहंदी हसन अपने भाई के दिए खर्च पर परीक्षा की तैयारी कर रहा था लेकिन सफल नहीं होने की वजह से काफी परेशान रहता था। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि मेहंदी हसन ने अपनी भतीजी की हत्या करने के बाद खुदकुशी की है।
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पुलिस इस मामले की सभी पहलूओं पर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि छात्रा के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की बात सामने नहीं आयी है।