स्पेशल क्लास देने के नाम पर किशोरी से अश्लील हरकत, भेजे गंदे मैसेज
फिजिक्स विषय में टॉप करवाने का झांसा दे एक टीचर ने कक्षा 12 की छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। कभी मोबाइल मेें अश्लील वीडियो दिखाता तो कभी व्हाट्स ऐप पर गंदे मैसेज भेजता।
हरकतों से तंग आकर छात्रा ने महिला थाने में टीचर की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सारन थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है।
छात्रा के मुताबिक करीब तीन माह पहले ही स्कूल में जीशान खान नाम का फिजिक्स टीचर आया है। आरोप है कि जीशान खान ने पहले दिन से ही छात्रा की तारीफ करना शुरू कर दिया।
जिले में टॉप कराने का झांसा देकर क्लास में बुलाया
छात्रा को पढ़ाई में अच्छा बताते हुए कहा कि वह जिले में टॉप करेगी लेकिन इसके लिए उसे स्पेशल क्लास लेने स्कूल टाइम से पहले आना होगा। गुरु की बातों को मानते हुए छात्रा सुबह जल्दी स्कूल पहुंचने लगी।
आरोपी ने अकेले में उसके साथ अश्लील बातें करना शुरू कर दीं। अच्छे कैरियर और बेहतर पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए छात्रा ने टीचर की हरकतों को नजर अंदाज किया।
हद से जाते हुए जीशान खान ने छात्रा के सामने मोबाइल पर अश्लील फिल्म चलाई। टीचर ने छात्रा पर स्मार्टफोन लेने का दबाव बनाया ताकि वह उसे अश्लील फिल्में भेज सके।
टीचर की अश्लीलता से तंग छात्रा ने अपनी मां को सारी बातें बताईं। एसएचओ महिला थाना इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी टीचर जीशान खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।