कार चालक की अधजली लाश की गुत्थी सुलझी, नशे का इंजेक्शन देकर जलाया था जिंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शाहबाद डेयरी इलाके में एक जून को मिली अधजली लाश की गुत्थी को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने सुलझाकर तीन आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों की पहचान विपिन कुमार (20), करतार (22) और अभिषेक दहिया उर्फ मोहित (20) के रूप में की गई है।
खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने पहले लूटपाट की। फिर सबूत मिटाने के इरादे से सन्नी को बेहोशी का इंजेक्शन देकर जिंदा आग के हवाले कर दिया। आर्यन उर्फ सन्नी बहादुरगढ़ के गांव लधड़ावन, हरियाणा का निवासी था। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए सन्नी की कार को भी जला दिया था। पुलिस ने जली हुई कार बरामद कर ली है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि सूचना मिली कि शाहबाद डेयरी में युवक की हत्या करने वाले बदमाश कराला, मेन रोड सरकारी स्कूल के पास आने वाले हैं। एसीपी जसबीर सिंह और इंस्पेक्टर रितेश कुमार की टीम ने तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सन्नी की हत्या कर शव जलाने की बात कबूल कर ली।
आरोपी करतार ने बताया कि उसे कर्ज चुकाने के लिए रुपयों की जरूरत थी। उन्होंने अपने जानकार युवक सन्नी को लूटने की योजना बनाई। एक जून को उसे कराला इलाके में बुलाया। वहां सन्नी को बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया। वहां से उसे सन्नी की ही सिलेरियो कार में डालकर उसे रोहिणी इलाके में ले गए, जहां सन्नी पर कूड़ा डालकर उसके शव पर पेट्रोल से आग लगा दी।
साथ में उसकी कार भी जला दी ताकि पुलिस को सबूत न मिल सके। इधर उसी दिन पुलिस ने सन्नी का शव बरामद कर लिया लेकिन उसकी पहचान नहीं हुई। वहीं, सन्नी के मालिक ने अपनी सिलेरियो कार चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर जली हुई सिलेरियो कार बरामद कर ली।