मोतीनगर हत्याकांड में दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी की पत्नी और बेटी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोती नगर स्थित बसई दारापुर में शनिवार रात छेड़छाड़ के विरोध पर युवती के पिता की हत्या और भाई पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी जहांगीर खान की पत्नी और एक बेटी को गिरफ्तार किया। वारदात के समय पत्नी ने जहांगीर को चाकू दिया था। उसकी बेटी ने पिता व भाइयों को उकसाने के बाद छेड़छाड़ पीड़िता के साथ मारपीट की थी। इनसे पूछताछ के बाद वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हो गया है। इधर, वारदात के दबोचे गए जहांगीर के दो बेटों में से एक गुड्डू बालिग निकला है। वह दो माह पूर्व ही 18 साल का हो चुका है। अब आरोपी परिवार के पांच सदस्य गिरफ्तार हैं और एक नाबालिग हिरासत में है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि वारदात के समय जहांगीर बुरी तरह शराब के नशे में था। जब वह पीड़ित परिवार पर हमले कर रहा था तो परिवार की महिलाएं भी वहां थीं। वे जहांगीर और उसके बेटों को उकसाने के साथ मदद भी कर रही थीं। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सीसीटीवी की फुटेज जुटा लीहै। मंगलवार रात जहांगीर की पत्नी और बेटी को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद बुधवार को दोनों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि शनिवार रात बसई दारापुर इलाके में 24 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके 51 वर्षीय पिता और 19 वर्षीय भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए थे। सोमवार को पिता की मौत हो गई थी, जबकि अब भी भाई आईसीयू में है।
आरडब्ल्यूए की 13 शिकायतें पुलिस ने कीं अनसुनी
बसई दारापुर गांव में पिछले कुछ साल में बड़ी तादाद में बाहरी लोग आकर बस गए हैं। ये छोटे-मोटे धंधे करने के अलावा घरों में काम भी करते हैं। इनकी वजह से इलाके में अवैध शराब की बिक्री और अपराधों में तेजी से इजाफा हुआ है। बसई दारापुर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि बाहरी लोगों के पुलिस वेरीफिकेशन और उन पर नजर रखने के लिए मोती नगर थाने में 13 शिकायतें दी गई हैं, लेकिन पुलिस ने इन सभी की अनसुनी कर दी। पुलिस इन्हें गंभीरता से लेती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती।
घायल युवक का बयान अहम
हमले में घायल 19 वर्षीय युवक की हालत में सुधार तो है, लेकिन वह बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसका बयान काफी अहम है। इससे वारदात की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी। पीड़ित युवती का बयान दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों ने उसे न सिर्फ अपशब्द कहे थे, बल्कि उसके बालों को छुआ भी था। इसके विरोध पर ही उन्होंने उसके पिता की निर्मम हत्या कर दी और भाई को बुरी तरह घायल कर दिया।
जहांगीर की एक बेटी ने पांच साल घर में किया काम
जिस परिवार के मुखिया की जहांगीर और उसके परिवार ने हत्या की, उसके घर में जहांगीर की एक बेटी ने पांच साल तक घरेलू काम किया है। उसका पीड़िता के घर पर आना-जाना था। जांच में पता चला है कि पीड़िता के पिता काफी सामाजिक व्यक्ति थे। वह आसपास होने वाली गलत घटनाओं का विरोध करते थे। वारदात से एक सप्ताह पूर्व मोहल्ले में एक व्यक्ति अपनी पत्नी को पीट रहा था। उन्होंने विरोध करते हुए महिला को छुड़वा लिया था।
परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे लोग
हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने दिल्ली ही नहीं, एनसीआर से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी वारदात की कड़ी निंदा हो रही है। लोग परिवार को न्याय दिलवाने की बात कर रहे हैं। अधिकारियों ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है।
इंसाफ दिलाने के लिए महापंचायत आज
वारदात के बाद इलाके के लोगों में खासा रोष है। पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने और वारदात का विरोध जताने के लिए बृहस्पतिवार को गांव में महापंचायत होगी। इसमें लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की जा रही है। महापंचायत में त्यागी, ब्राह्मण दिल्ली प्रदेश, अखिल भारतीय ब्रह्मर्षि महासंघ के अलावा त्यागी समाज नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादनगर, मोदीनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की, हरिद्वार, सहारनपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा और अन्य जगहों से लोगों से पहुंचने की अपील की गई है। इसमें आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की जाएगी।