ड्रग्स तस्करी में नाइजीरियाई युवक से 26 लाख की हेरोइन बरामद, पुलिस ने यूं किया गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में एक नाइजीरियाई मूल के युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 260 ग्राम हेरोइन मिली है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 26 लाख रुपये है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को वर्ष 2015 में मोहाली पुलिस ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। वह मई 2017 में ही जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद वह दिल्ली आकर दोबारा इस धंधे से जुड़ गया। पुलिस पकड़े गए आरोपी के सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त जी. रामगोपाल नाइक ने बताया कि क्राइम टीम को सूचना मिली कि एक नाइजीरियाई युवक ड्रग्स की खेप लेकर पालम इलाके में आने वाला है। सूचना पर एसीपी पंकज सिंह के देखरेख में एक टीम ने दादा देव खेल परिसर के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 260 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी की पहचान नाइजीरिया निवासी जस्टिन (26) के रूप में हुई है।
कारोबारी वीजा पर आया था भारत
पुलिस ने बताया कि जस्टिन वर्ष 2011 में कपड़ा कारोबारी के वीजा पर भारत पहुंचा था। वह लुधियाना से कपड़ों को नाइजीरिया भेजने लगा, लेकिन कारोबार में उसे घाटा हुआ।
इसी दौरान वह स्थानीय ड्रग्स डीलर के संपर्क में आया और उनके लिए तस्करी करने लगा। वर्ष 2015 में मोहाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अदालत ने उसे इस मामले में दोषी करार दिया और मई 2017 में जेल से निकलने के बाद वह दिल्ली आ गया। बेरोजगारी और ड्रग एडिक्ट होने की वजह से वह दोबारा इस धंधे से जुड़ गया।