मणप्पुरम गोल्ड लूट मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम के न्यू रेलवे रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड के कार्यालय में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े हुई 32 किलो सोने की लूट का पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिसमें से तीन को डीएलएफ फेस तीन के एक पीजी से 30 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया गया है। जबकि चौथे को अहमदाबाद के एक होटल से गिरफ्तार कर गुरुग्राम लाया जा रहा है। वहीं अन्य चार आरोपियों की पहचान भी हुई है। जिसमें तीन कानपुर के और एक गुरुग्राम का है।
मणप्पुरम गोल्ड के कार्यालय में हुई वारदात के बाद पुलिस ने मिले इनपुट के आधार पर शनिवार की सुबह डीएलएफ फेस तीन के एस ब्लॉक स्थित पीजी से फर्रुखनगर के रहने वाले होशियार उर्फ मनोज सैनी, जींद जिले के गांव बराह खुर्द बिजेंदर उर्फ छबीला, कानपुर के किदवई नगर के रहने वाले अंकुर उर्फ विकास गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से 829 पैकेट आभूषण बरामद किया गया
पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इनके कब्जे से 829 पैकेट आभूषण बरामद किया गया है। जिनका वजन 30 किलो के लगभग होगा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो व दो बाइक बरामद की हैं। साथ ही इनके कब्जे दो पिस्टल और चार कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
कुछ नकदी भी पुलिस ने बरामद की है लेकिन उसका खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस को गिरोह के एक अन्य आरोपी देवेंद्र उर्फ देव निवासी जींद को अहमदाबाद से गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है। देवेंद्र गुरुग्राम में एक कॉल सेंटर का पार्टनर बताया जा रहा है।
जिसे लेकर पुलिस टीम गुरुग्राम आ रही है। उक्त आरोपी वारदात के बाद सोना बेचने की कड़ी में अहमदाबाद गया हुआ था। उसे लेने के लिए पुलिस टीम सुबह की फ्लाइट से अहमदाबाद पहुंची।
अन्य चार आरोपी की पहचान हुई है। जिसमें तीन कानपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। जबकि एक आरोपी गुरुग्राम का है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। जिसके बाद अन्य खुलासा होगा।
पुलिस कमिश्नर ने वारदात का खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। साथ ही पुलिस महानिदेशक से उन्हें पुरस्कृत करने को लिखेेंगे। इस दौरान डीसीपी वेस्ट व क्राइम सुमित कुमार, एसीपी क्राइम संजीव बल्हारा आदि मौजूद रहे।