पत्नी को पीटकर कमरे में कर देता था बंद, और भी है अत्याचारी पति के ज़ुल्म की दास्तान
नव विवाहित पत्नी द्वारा अपने पति के खिलाफ मारपीट करने व उसे कमरे में बंद करने का मामला सेक्टर-50 थाना पुलिस ने दर्ज किया है।
पत्नी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसका पति उसके साथ मारपीट करने लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार पारुल कपूर की शादी सेक्टर-51 स्थित एम2के सिम्फनी सोसाइटी निवासी सुमित धीर के साथ करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक तो सुमित का व्यवहार उसके साथ ठीक रहा, लेकिन बाद में व्यवहार बदल गया और वह उसके साथ मारपीट करने लगा।
उसे जान से मारने की धमकी भी दी
पिछले कुछ समय में वह उसके साथ लगातार मारपीट कर रहा है। इतना ही नहीं वह उसे पूरा दिन कमरे में बंद कर चला जाता है। इतना ही नहीं उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। इस पर उसने पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है।
सेक्टर-50 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेन्द्र कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के बाद ही असलियत सामने आ पाएगी जिसके बाद ही दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।