कार पर लालबत्ती और गृह मंत्रालय का स्टीकर लगाकर बन गया 'आईएएस'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने खुद को गृह मंत्रालय का असिस्टेंट डायरेक्टर (आईएएस) और सीबीआई का सीनियर आईपीएस अधिकारी बताने वाले शातिर ठग को दबोचा है। आरोपी की पहचान भोपाल निवासी जॉय शाह उर्फ मुकेश शाह के रूप में हुई है।
आरोप है कि जॉय शाह ने दिल्ली के एक कारोबारी से रिलायंस, एस्सार और केंद्र सरकार के बंद पड़े प्लांट दिलवाने के नाम पर 85 लाख रुपये ठग लिए थे। इसके अलावा उसने देशभर के युवकों से भेल, सीबीआई और केंद्रीय विद्यालय में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठग लिए थे।
आरोपी इंजीनियर ग्रेजुएट है। उसके पास से लाल बत्ती लगी मारुति सियाज कार, उस पर लगे गृह मंत्रालय के स्टीकर और अशोक स्तंभ के अलावा एक लैपटॉप, रिलायंस कंपनी का लेटर हैड व नकली आधार कार्ड और आई कार्ड बरामद हुए हैं।
लाल बत्ती लगी कार में पीड़ित को घुमाया
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि पिछले दिनों स्टील स्क्रैप कारोबारी भारत भूषण गुप्ता नामक शख्स ने 85 लाख रुपये ठगी की शिकायत की थी। उसने बताया कि बाराखंभा रोड, कनॉट प्लेस में उसका दफ्तर है।
मई 2015 में एक दलाल नागेंद्र त्रिपाठी ने एक होटल में उसकी मुलाकात मुकेश शाह से करवाई थी। मुकेश ने खुद को गृह मंत्रालय का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर उससे कहा कि वह उसे कई बंद पड़े प्लांट का स्टील स्क्रेप दिलवा देगा।
इसके बाद आरोपी ने उसे भुवनेश्वर बुलाया। वहां लाल बत्ती लगी कार में उसे घुमाया। गृह मंत्रालय का आई कार्ड दिखाकर पूरा भरोसा जीतने के बाद शाह ने भारत से 85 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद उसने अपने मोबाइल बंद कर अपना घर भी बदल दिया।
उसने जॉय शाह के नाम से आधार कार्ड दिया था
पीड़ित से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सात मई 2016 को मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जॉय शाह नामक कोई भी आईएएस अधिकारी गृहमंत्रालय में नहीं था। इसके अलावा दिल्ली के अधिकांश होटलों में उसने जॉय शाह के नाम से आधार कार्ड दिया गया था।
सिर्फ एक जगह उसने मुकेश शाह नाम से आधार कार्ड दिया था जिसकी छानबीन में पता चला कि उसका असली पता भुवनेश्वर था। पुलिस ने वहां छापा मारा तो वह घर से गायब मिला।
अपराध शाखा ने काफी तलाश करने के बाद आखिर आरोपी को भोपाल से दबोच लिया। उसके पास से लाल बत्ती व गृहमंत्रालय के स्टीकर लगी कार बरामद हुई। कार पर अशोक स्तंभ भी लगे थे, इसके अलावा उस पर भारत सरकार भी लिखा हुआ था। जॉय शाह उर्फ मुकेश शाह की निशानदेही पर भुवनेश्वर स्थित उसके घर छापा मारा गया। वहां से काफी मात्रा में ठगी का सामान बरामद हुआ।