पति का दोस्त बनकर आया और लूटने लगा इज्जत
फरीदाबाद के थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। इस शर्मनाक हरकत के लिए आरोपी ने जो चाल चली वह बेहद चौंकाने वाली है।
पीड़ित महिला ने बताया कि घटना के समय वह घर में अकेली थी। आरोपी उसके पति का दोस्त बन कर घर में आया था। पैसे मांगने के बहाने घर में घुसे उस व्यक्ति ने महिला की इज्जत लूटने की कोशिश की।
जोर-जबरदस्ती में महिला ने चिल्लाना शुरू कर दिया जिससे आसपास के लोग जुटने लगे। भीड़ देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
अचानक पकड़कर फर्श पर गिराया
जानकारी के अनुसार पूनम (30,काल्पनिक नाम) अपने परिवार के साथ थाना सराय ख्वाजा के खोड़ी क्षेत्र में रहती है। उसने 12 अगस्त को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिन में वह अपने घर में अकेली थी।
इस दौरान एक व्यक्ति घर में आया उसने खुद को पूनम के पति का दोस्त बताया और कहा कि कुछ रुपये देने आया है। पूनम उस व्यक्ति को पहचानती नहीं है। पूनम का आरोप है कि जब वह अपने पति से फोन पर बात करने लगी तो उस व्यक्ति ने अचानक उसे पकड़ लिया, फर्श पर गिरा दिया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
इस दौरान पूनम ने शोर मचा दिया तो शोर सुन कर पड़ोसी आ गए जिससे आरोपी व्यक्ति फरार हो गया। इसके बाद पूनम ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने मामला दर्ज कर पूनम द्वारा बताई गई पहचान के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।