गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर की थी पत्नी की हत्या, सड़क पर फेंकने से पहले बेड में रखा शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शकरपुर इलाके में महिला की बोरे में लाश मिलने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के संबंध में मृतका के पति और उसकी प्रेमिका को दबोचा है।
आरोपियों की पहचान गांव ककराला, मोहल्ला गड्ढा, बदायूं, यूपी निवासी फिरोज खान (29) और कुंडा, प्रतापगढ़ निवासी महिला सुमन उर्फ पूजा (27) के रूप में हुई है।
पुलिस की मानें तो मृतक हलीमा (27) ने फिरोज व सुमन के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग का विरोध किया था। 27 जुलाई रात को दोनों ने हलीमा की हत्या कर शव बेड में छुपा दिया।
बाद में मौका मिलते ही शव को बोरे में डालकर सड़क पर फेंक दिया। फिलहाल हलीमा का शव सब्जी मंडी मोर्चरी में सुरक्षित रखा है। असम से परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
शव मिलने के बाद गायब हुए थे दोनों
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त ऋषिपाल ने बताया कि 29 जुलाई को गली नंबर-5, जे एंड के ब्लॉक लक्ष्मी नगर से बोरे में एक महिला की लाश मिली। घटना के बाद शकरपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई।
एसएचओ तनवीर अशरफ और एटीओ निपुन गुप्ता ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जहां से महिला का शव मिला है, उसी के पास एक फ्लैट में पिछले कुछ दिनों से रह रहे महिला व पुरुष गायब है।
पुलिस ने शक के आधार पर उनकी तलाश की। जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को फिरोज व सुमन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरूआत में तो वह पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।
आरोपी फिरोज ने बताया कि मरने वाली उसकी पत्नी हलीमा है। आठ साल पूर्व असम की रहने वाली हलीमा से उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद उसका कोई बच्चा नहीं था।
बच्चों और पति को छोड़कर आई थी प्रेमिका
करीब 10-12 महीने पूर्व इलाके में रहने वाली सुमन से उसका अफेयर हो गया। सुमन अपने दो बच्चों व पति को छोड़कर फिरोज के पास आ गई, वहीं फिरोज ने अपनी पत्नी को छोड़कर अलग घर ले लिया।
सुमन व फिरोज एक साथ रहने लगे। घटना वाले दिन हलीमा का अपने पति से झगड़ा हुआ था। गुस्से में फिरोज व सुमन ने चुन्नी से गला दबाकर हलीमा की हत्या कर दी और शव को बेड में छुपा दिया।
24 घंटे शव को बेड में रखने के बाद 28 तारीख की रात को शव को सड़क पर फेंक दिया गया। 29 जुलाई की सुबह पुलिस को शव बरामद हुआ। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।