जीबी रोड के कोठे पर कर रहे थे सौदा, असम से लाए थे लड़कियां
मायापुरी पुलिस ने असम से लाई गई दो लड़कियों को कोठे पर बेचने आए तीन युवकों को गिरफ्तार कर दोनों लड़कियों को उनके कब्जे से मुक्त करा लिया है। मुक्त करायी गई लड़कियों में एक नाबालिग है।
दोनों को दिल्ली में नौकरी का झांसा देकर लाया गया था। पकड़े गए दो युवकों की पहचान असम निवासी अभिजीत और मनोज के रूप में हुई। वहीं तीसरा आरोपी असलम बिहार का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, मायापुरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक असम से लाई गई दो लड़कियों का जीबी रोड स्थित कोठा पर सौदा कर रहे हैं।
इस सूचना पर पुलिस ने छानबीन की जिसमें पता चला कि सागरपुर इलाके में किराये पर रहने वाले तीन युवकों ने दलालों से संपर्क किया है और लड़कियों का सौदा तीन लाख रुपये में तय किया है।
इस सूचना पर पुलिस ने सागरपुर स्थित उक्त मकान पर छापा मारकर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर दो लड़कियों को मुक्त करा लिया।
जांच में पता चला कि आरोपी लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली लाए थे और दो माह से किराये के मकान में रखकर उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे।