हॉलीवुड-बॉलीवुड की इन फिल्मों से प्रभावित हो कर देते थे वारदात को अंजाम, अब चढ़े पुलिस के हत्थे
इनकी कहानी कुछ-कुछ अलीबाबा चालीस चोर से मिलती जुलती है, जो 40 तो नहीं 9 की संख्या में वारदात को अंजाम देते थे। बॉलीवुड और हॉलीवुड मूवी से प्रभावित होकर गैंग ने खुद का नाम भी बड़ा ही अलग 'डेविल एंजेल्स' रखा हुआ है।
बता दें कि पूर्वी जिला पुलिस ने नौ चोरों का एक गैंग दबोचा है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल है। गैंग हाईस्पीड की स्पोर्ट्स बाइक पर झपटमारी करने के साथ-साथ घरों में सेंध भी लगाते हैं।
गैंग बॉलीवुड मूवी धूम के अलावा हॉलीवुड की कई मूवी से प्रभावित हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह बाइक, तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी बरामद किया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाली दो महिलाओं को भी इनके साथ ही गिरफ्तार कर लाखों का सोना भी बरामद किया है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त ओमवीर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मयूर वहिर सब डिवीजन में स्ट्रीट क्राइम में बढ़ोतरी हुई थी। कई टीमें मामले की छानबीन में लगी थी।
इसी दौरान दो अप्रैल को पुलिस ने मयूर विहार में घर में चोरी करने घुसे बदमाश को रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने खुलासा किया कि वह 'डेविल एंजेल्स' गैंग का सदस्य है।
इनका गैंग लीडर शिवम उर्फ कांचा है। शिवम अपने दोस्त अशोक उर्फ ठंडा पानी के साथ रहता है। कुछ माह पूर्व ही शिवम जेल से छुटकर आया है। आरोपी से बदमाशों का सुराग मिलते ही मंडावली थाना पुलिस ने दो आरोपियों को स्पोर्ट्स पर दबोच लिया।
एक-एक कर पुलिस ने कुल नौ बदमाशों को दबोच लिया, जिनमें तीन नाबालिग लड़के भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकुल, गौरव, जितेंद्र, शिवम उर्फ कांचा, अशोक उर्फ ठंडा पानी और आकाश उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है।
गैंग की निशानदेही पर बाइक, मोबाइल व अन्य सामान बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह चोरी और लूटे गए माल को त्रिलोकपुरी की दो महिलाओं को बेच दिया करते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर राधा देवी (40) और अन्नू सुब्बा (40) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से करीब 100 ग्राम सोना बरामद किया। पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
ऐसे देते थे आरोपी वारदातों को अंजाम...
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि गैंग लीडर शिवम उर्फ कांचा फरवरी माह में जेल से छुटकर आया है। जेल से बाहर आते ही उसने अपने दोस्त अशोक उर्फ ठंडा पानी के साथ मिलकर अपना गैंग बना लिया।
शिवम ने अपने हाथ पर 'डेविल एंजेल्स’ नाम से एक बड़ा टेटू बनवाया हुआ है। उसके गैंग में सभी 9 लड़कों की उम्र 17 से 22 साल है। गैंग में मौजूद नाबालिग लड़के स्पोर्ट्स बाइक चलाने में बेहद एक्सपर्ट हैं।
इनके पास से पल्सर 200सीसी या उससे ज्यादा सीसी की बाइक बरामद हुई हैं। झपटमारी कर आरोपी मौके से फरार हो जाते थे। इसके अलावा शिवम चोरी करने के लिए घरों की रैकी करता था। बाद में गैंग मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया करता था।
हॉलीवुड और बॉलीवुड मूवी से हैं प्रभावित...
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए सभी 9 आरोपियों ने बताया कि वह बॉलीवुड मूवी धूम के अलावा कई अन्य फिल्मों से प्रभावित हैं। इन लोगों ने कई हॉलीवुड अनुवादित फिल्में भी देखी है।
उसको देखकर आरोपी फिल्मों से काफी प्रभावित हैं। इससे प्रभावित होकर आरोपियों ने अपना गैंग बनाने की ठानी और संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देने लगे।
आरोपियों ने बताया कि वह सभी राधा को अपनी बुआ मानते है, राधा व अन्नू को ही उड़ाया गया सारा माल बेचा जाता था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।