एसएसबी के पूर्व जवान से 9.33 की ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में ठगों का बोलबाला है, रोजाना ही बदमाश किसी न किसी के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। कल्याणपुरी इलाके में बदमाशों ने एसएसबी (सीमा सुरक्षा बल) के पूर्व जवान का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 9.33 लाख रुपये निकाल लिये। पीड़ित को यह रुपये 2015 में उनके रिटायरमेंट के बाद मिला था। वहीं दूसरे मामले में मंडावली इलाके में परिवार के कष्ट दूर करने नाम पर रेलवे की गैंगमैन युवती से तांत्रिक ने जेवरात ठग लिये। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। दोनों ही मामलों में पुलिस पीड़ितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
वारदात नंबर-1
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव फुगाना, मुजफ्फरनगर के रहने वाले पीड़ित राम भजन सिंह (62) परिवार क साथ त्रिलोकपुरी दो ब्लॉक में रहते हैं। वर्ष 2015 में वह सीमा सुरक्षा बल से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्हें करीब 10 लाख रुपये मिले थे, जिसे उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया त्रिलोकपुरी में जमा करा दिया था। राम भजन ने बताया कि गत नौ मई को वह एटीएम से रुपये निकालने गए थे। वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने धोखे से राम भजन का एटीएम कार्ड बदल लिया। पीड़ित ने कैश वाउचर से एक लाख रुपये निकाले और अपने गांव चले गए।
इधर आरोपियों ने उनके खाते से रुपये निकालना शुरू कर दिए। 30 मई को जब रामभजन गांव से दिल्ली लौटे तो उनके मोबाइल फोन कॉल आई की आपके खाते से काफी दिनों से रुपये निकाले जा रहे हैं। पीड़ित ने जब खाते की जांच की तो उनका खाता खाली कर दिया गया था। खाते में कुल 123 रुपये ही बचे थे। बाकी 9.33 लाख रुपये निकाल लिये गए थे। आरोपियों ने कुछ रकम एटीएम और कुछ ऑन लाइन ट्रांसफर की।
वारदात नंबर-2
मंडावली में महिला गैंगमैन के साथ हुई ठगी मामले में मूलरूप से उन्नाव, यूपी की रहने वाली पीड़ित पूनमपाल (21) परिवार के साथ मंडावली रेलवे कालोनी में रहती है। पूनम रेलवे में गैंगमैन है और फिलहाल इसकी तैनाती आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर है। पूनम ट्रेन से आती-जाती है। छह जून को इसने ट्रेन में एक तांत्रिक का पोस्टर लगा देखा था। जिसमें तांत्रिक ने सभी समस्याएं दूर करने का दावा किया था। पीड़िता ने दिए हुए नंबर पर संपर्क किया तो आरोपी ने 20 हजार रुपये और कुछ सोने के जेवरात लेकर आने को कहा। पीड़िता मंडावली रेलवे स्टेशन के पास तांत्रिक के पास पहुंच गई।
तांत्रिक ने पूनम से कहा कि उसके घर पर किसी ने जादू टोना कराया हुआ है, जिसकी वजह से परिवार को कष्ट है। आरोपी ने पीड़िता से रुपये व जेवरात पूजा करने की बात कर लिए और वहां से चुपचाप रफूचक्कर हो गया। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। वारदात के बाद आरोपी के दोनों मोबाइल नंबर बंद हैं और वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।