फोर्टिस अस्पताल ने तीन शिशुओं में से दो की मौत के बाद थमाया 18 लाख का बिल, DM से की शिकायत
सेक्टर-12 निवासी गर्भवती नेहा को सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां नेहा ने तीन बच्चों को जन्म दिया। तीनों बच्चों की नाजुक हालत थी।
लिहाजा, डॉक्टर ने तीनों बच्चों को 24 जनवरी को एनआईसीयू ने भर्ती कर दिया। यहां एक लड़के और एक लड़की की मौत हो गई। इसके बाद एक बच्चे को चाइल्ड पीजीआई रेफर कर दिया गया।
अभिषेक अग्रवाल ने इसकी शिकायत डीएम व स्वास्थ्य विभाग से की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन उन्हें अब तक 18 लाख का बिल थमाकर पैसे ले चुका है। यही नहीं तीसरे बच्चे को उन्होंने चाइल्ड पीजीआई रेफर कर दिया है। वहां भी बच्चे की हालत काफी नाजुक बनी हुई है।
मालूम हो कि इससे पहले भी फोर्टिस में 4 घंटे का एक लाख रुपये बिल एक परिवार को थमा दिया गया था। जो लड़की भर्ती की गई थी, उसकी भी मौत हो गई थी। इसकी शिकायत भी प्रशासन से की गई थी।