पूर्व अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ी को इतना पीटा कि निकालनी पड़ी 1 किडनी और बड़ी आंत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़गंज में पावर लिफ्टिंग के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके दिव्यांग अनिल शर्मा पर जानलेवा हमला किया गया है। एक सप्ताह से पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार वालों ने बताया कि उसकी एक किडनी और बड़ी आंत निकालनी पड़ी है।
आरोप है कि आरोपियों का नाम दिए जाने के बावजूद पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस ने आरोपियों पर गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, अनिल (42) परिवार के साथ गोल मार्केट में रहता है। परिवार में पत्नी पूजा, बेटी रिशिता (13), हिमांशी (3) और बेटे रोनित के अलावा मां फूलवती है। अनिल की कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर के बाहर कचौड़ी की दुकान है।
21 जुलाई की रात करीब एक बजे की है घटना
परिवार वालों के मुताबिक, 21 जुलाई की रात करीब एक बजे वह पहाड़गंज की चूना मंडी के पास कार में अपने दोस्त के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर फोन आया। वह कार से निकलकर एक स्कूटर पर बैठकर बात करने लगा।
इसी बीच वहां कुछ युवक आए और अनिल से बहस करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दोस्त के मुताबिक, अनिल पर हमलावरों ने लात-घूंसे और ईंट से हमला किया। अनिल के अचेत होने के बाद हमलावर उसे मृत समझकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल को जख्मी हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दोस्त के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। दोस्त ने आरोप लगाया कि अनिल पर आशु और उसके दोस्तों ने हमला किया है।