{"_id":"58b9a2974f1c1bf0798310d3","slug":"electrician-homes-as-stealing-gang-busted","type":"story","status":"publish","title_hn":"इलेक्ट्रीशियन बनकर घरों में चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
इलेक्ट्रीशियन बनकर घरों में चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sat, 04 Mar 2017 10:26 AM IST
विज्ञापन
file photo
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिण जिले की एसटीएफ ने पॉश इलाकों में सेंधमारी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी घरों में इलेक्ट्रीशियन बनकर घुसते थे।
विज्ञापन
बिल्डिंग में जिस घर में ताला लगा होता था उसका ताला तोड़कर नकदी, ज्वेलरी व महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान को चुरा ले जाते थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से पॉश इलाके में सेंधमारी की 13 वारदात का खुलासा करने का दावा किया है।
विज्ञापन
दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार साकेत, महरौली, डिफेंस कॉलोनी, कोटला मुबारकपुर, सफदरजंग एंक्लेव व लोधी कॉलोनी में सेंधमारी की वारदात बढ़ गई थीं।
विज्ञापन
देखने में आ रहा था कि महरौली व नेब सराय में सुनसान जगह पर स्थित बिल्डिंग में सेंधमारी की ज्यादा वारदात हो रही थीं। आरोपियों को पकड़ने के लिए एसटीएफ प्रभारी इंस्पेक्टर केएल यादव, इंस्पेक्टर प्रसून व एसआई विजयपाल की टीम को जिम्मा सौंपा गया।
इस पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इनसे पुलिस को कुछ हाथ लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने मिली एक सूचना के बाद किशनगढ़ रोड से दो मार्च को दो आरोपी अनूप (24) और केशव (24) को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से चोरी के छह लैपटॉप, चार एलईडी टीवी, दो कैमरा, तीन मोबाइल फोन, छह महंगी घड़ी, दो हार्ड डिस्क, एक प्ले स्टेशन, दो स्पीकर, दो चांदी की अंगूठी, एक प्रेस, दो मोटरसाइकिल व ताले तोड़ने के उपकरण बरामद किए। अनूप पेशे से इलेक्ट्रीशियन है, जबकि केशव मोटर साइकिल मैकेनिक है।