दिल्लीः महिला ने 2 साल के बच्चे को बोरे में भर फर्श पर पटककर ली जान, ऐसे मिटाए सबूत
उत्तम नगर इलाके में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। झगड़े का बदला लेने के लिए एक महिला ने उसके पड़ोस में रहने वाले दंपत्ति के दो साल के बेटे को बोरे में डालकर उसे फर्श पर पटककर हत्या कर दी।
सबूत को मिटाने के लिए महिला ने पूरे घर की सफाई कर दी और बच्चे के शव को अपने घर के एक कोने में छिपा दिया। बच्चे की तलाश करते हुए परिजन जब महिला के कमरे में पहुंचे तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार (30) सपरिवार उत्तम नगर इलाके में रहता है। परिवार में उसकी पत्नी खुशबू और दो बेटी स्नेहा और सोनाली और एक बेटा निखिल (2) था। पेशे से इलेक्ट्रीशियन राकेश मकान की पहली मंजिल पर रहता है। वहीं इसी मकान की दूसरी मंजिल पर दीपू नाम की महिला अपने पति बृजेश और तीन बच्चों के साथ रहती है।
आरोपी ने पीड़ित परिवार को दी थी ये धमकी
कुछ दिन पहले राकेश के बच्चे खेलते खेलते दूसरी मंजिल पर चले गये। इस बात को लेकर दीपू और राकेश की पत्नी के बीच झगड़ा हो गया था। राकेश के मुताबिक दीपू ने धमकी दी थी कि उसके बच्चे उपर आये तो इसका अंजाम भूगतना पड़ेगा।
बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे राकेश घर में खाना खाने के बाद दुकान चला गया। उस समय उसका दो साल का बेटा निखिल कमरे में सो रहा था। जबकि दोनों बेटी बाहर खेल रही थी।
राकेश ने जाते जाते अपनी पत्नी से दोनों बेटियों को ऊपर ले जाने के लिए कहा। करीब दस मिनट के बाद उसकी पत्नी ने फोन कर बताया कि बेटा कमरे से गायब है। यह सुनकर राकेश तुरंत वापस घर आया और बेटे की तलाश करने लगा। शक के आधार पर वह दूसरी मंजिल पर पहुंचा और दीपू के कमरे में घुसने लगा। लेकिन दीपू ने उसे रोक दिया।
अकेला पाकर दिया घटना को अंजाम
राकेश ने दीपू के कमरे के कोने में कपड़ों का ढेर देखा, उसे हटाने पर एक बोरा मिला जिसमें खून लगा हुआ था। बोरे को खोलने पर उसमें खून से लथपथ हालत में उसका बेटा मिला। राकेश उसे लेकर तुरंत अस्पताल भागा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि झगड़े का बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया।
महिला ने बच्चे की बेरहमी से की हत्या
महिला ने बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के सामने आरोपी महिला ने खुलासा किया कि घर में बच्चे को अकेला देखकर उसे उठाकर अपने कमरे में ले गयी। उसने बच्चे के सिर को नीचे कर बोरे में डाल दिया और बोरे को कई बार जमीन पर पटक दिया।
ऐसे हुआ पिता को शक
सिर में गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौत हो गयी। पटके जाने से कमरे में खून फैल गया। जिसे महिला ने साफ कर दिया और बच्चे के शव को छुपाने के लिए उसे कोने में रखकर उसपर कपड़े रख दिये।
कपड़ों पर खून के छींटे देखकर पिता को हुआ था शक
राकेश ने बताया कि जब वह कमरे में गया तो उसने कोने में पड़े कपड़ों पर खून के छींटे देखे। शक होने पर उसने कपड़ा हटाया। जहां उसे एक बोरा दिखायी दिया। बोरा खून से सना हुआ था। जब उसने बोरा खोला तो उसमें उसका बेटे का शव पड़ा था।
परिजन ने घर को खाली किया
राकेश ने बताया कि जिस मकान में उसके बेटे की हत्या की गयी। उस मकान को उसने खाली कर दिया है। शुक्रवार को वह अपने परिवार वालों के साथ ओमविहार में एक मकान में शिफ्ट कर गया है। उसने बताया कि जहां उसकी दुनिया उजड़ गयी वहां वह कभी भी नहीं जाएगा। उधर पुलिस ने दूसरी मंजिल पर रहने वाली आरोपी के कमरे को भी सील कर दिया है।