जाली नोट का रैकेट चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नेपाल से भारत में जाली मुद्रा का रैकेट चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो तस्करों को दबोचा है। जाली नोट नेपाल में बनाने के बाद बांग्लादेश के रास्ते दिल्ली समेत भारत के अन्य राज्यों में असली मुद्रा के बीच खपाए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से साढ़े 4 लाख के जाली नोट बरामद किए हैं। सभी नोट 2000 के हैं।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीके कुशवाहा के मुताबिक, आरोपियों की पहचान नेपाल निवासी दिलीप शाह और पश्चिम बंगाल के बालुरघाट निवासी आनंद दास के रूप में हुई है। आनंद वर्तमान में अपने परिवार के साथ मथुरा में रहता है।
स्पेशल सेल की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर 29 मार्च की रात आनंद विहार आईएसबीटी से दिलीप को धर दबोचा। वह नेपाल से जाली नोटों की खेप लेकर भारत-बांग्लादेश बॉर्डर मालदा, पश्चिम बंगाल के रास्ते आनंद विहार पहुंचा था।
पुलिस ने मौके से आरोपियों के पास से 3.32 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए। उसने खुलासा किया कि वह जाली नोटों की खेप आनंद दास को देने के लिए आया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आनंद दास को दबोचा और उससे 1.18 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए।
दिलीप ने खुलासा किया कि वह जाली नोटों की तस्करी के धंधे में 15 साल से लिप्त है और नेपाल से जाली नोट भारत में लाकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश समेत अन्य क्षेत्रों में सप्लाई करता था।