मालिक के 25 लाख लेकर फरार ड्राइवर गिरफ्तार
कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने मालिक के 25 लाख रुपये लेकर फरार हुए ड्राइवर को सागर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से साढ़े 24 लाख रुपये व कार की चाबी बरामद कर ली है। आरोपी दस वर्ष से पीड़ित मालिक के यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। उसका पुलिस वैरीफिकेशन नहीं कराया गया था। आरोपी मूलरूप से महुवा (यूपी) का रहने वाला है और दिल्ली में पश्चिमी विहार में रहता था।
नई दिल्ली जिला डीसीपी बीके सिंह के अनुसार, पिंक अपार्टमेंट, पश्चिमी विहार निवासी अजीत जालान ने दिवाली वाले दिन पुलिस को सूचना दी कि वह दिवाली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए मैसोनिक क्लब (जनपथ) आया था।
ड्राइवर संजय गायब था और कार जनपथ पार्किंग में पार्क मिली
कार ड्राइवर संजय उर्फ कल्लू लेकर आया था। ड्राइवर ने उसे क्लब के सामने उतार दिया और कार को पार्क करने चला गया। बताया जाता है कि कार में 25 लाख रुपये एक प्रॉपर्टी के स्टांप पेपर खरीदने के लिए रखे हुए थे।
जब वह समारोह में शामिल होने के बाद बाहर आया, तो ड्राइवर संजय गायब था और कार जनपथ पार्किंग में पार्क मिली। ड्राइवर संजय को कार में रुपये रखे होने की जानकारी थी। काफी देर तक जब संजय नहीं मिला, तो उसने डुप्लीकेट चाबी से कार को खोला।
कार से 25 लाख रुपये गायब थे। सूचना मिलने के बाद एसआई अमित कुमार मौके पर पहुंचे थे। ड्राइवर संजय का मोबाइल भी बंद जा रहा था। जांच व मोबाइल सर्विलांस में संजय की लोकेशन सागर (मध्यप्रदेश) मिली। पुलिस टीम ने संजय को सागर से गिरफ्तार कर लिया।